Home » ASI ने उठाया ये कदम, नाराज व्यवसाइयों ने ताज के साए में किया विरोध-प्रदर्शन

ASI ने उठाया ये कदम, नाराज व्यवसाइयों ने ताज के साए में किया विरोध-प्रदर्शन

by pawan sharma

आगरा। ताजमहल का दक्षिणी गेट आम पर्यटकों के प्रवेश के लिए बंद हो गया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने ताजमहल की सुरक्षा पर खतरे के मद्देनजर दक्षिणी गेट से 25 फरवरी से प्रवेश बंद करने की सूचना जारी कर दी है। सरकार के आदेश के बाद पुरारत्व विभाग ने गेट बंद कार्रवाही को अंजाम दे दिया है। ASI और भारत सरकार की इस कार्रवाई के विरोध में ताज के दक्षिणी गेट के दुकानदारों ने मोर्चा खोल दिया। दुकानदारों ने ताज के दक्षिणी गेट के बंद करने का विरोध जताया और नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

दक्षिणी गेट पर अपना व्यवसाय कर रहे व्यवसाइयों का कहना है कि भारत सरकार और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इस कार्रवाई को अंजाम देकर व्यापारियों को सड़क पर लाने का काम कर दिया है। क्योंकि जब देशी विदेशी पर्यटक इस गेट से नहीं गुजरेगा तो वह खरीददारी कैसे करेगा और खरीदारी नहीं होगी तो इस क्षेत्र के व्यापारी दो जून की रोटी कैसे जुटा पाएंगे।

व्यवसाइयों का कहना था कि एक तरफ तो सरकार रोजगार देने के वादे कर रही है तो दूसरी तरफ अपने वादे से मुकर जो व्यापारी व्यापार चला कर अपना व्यापार कर रहे हैं उनके व्यापार को छीनने का प्रयास कर रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

व्यवसाइयों के प्रदर्शन की सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन कर रहे व्यवसाइयों ने ACM चतुर्थ विनीता सिंह को जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा और इस ज्ञापन पर उचित कार्रवाई की मांग उठाई।

आपको बता दें कि रविवार से इस गेट से पर्यटक के लिए ताज में प्रवेश बंद हो गया लेकिन पर्यटक इस गेट से बाहर निकल सकेंगे। केंद्रीय संस्कृति मंत्री डॉ. महेश शर्मा की मुहर के बाद संस्कृति मंत्रालय के आदेश पर एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. भुवन विक्रम ने ताजमहल दक्षिणी गेट को बंद करने की सूचना शुक्रवार को जारी कर दी थी। उन्होंने जो नोटिस जारी किया, उसमें कहा गया है कि ‘ताजमहल की सुरक्षा को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी के सुझाव पर दक्षिणी गेट से 25 फरवरी से प्रवेश बंद किया जा रहा है। यह गेट केवल पर्यटकों के निकास के लिए प्रयुक्त होगा’।

इस आदेश के बाद सीआईएसएफ इस गेट पर पर्यटकों की सुरक्षा जांच के लिए लगाए गए डीएफएमडी हटा लेगा। दक्षिणी गेट पर पर्यटकों की सुरक्षा जांच में जो जवान थे, उन्हें अब पूर्वी और पश्चिमी गेट पर अतिरिक्त डीएफएमडी के साथ तैनात किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Comment