आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र के जोगीपुरा चौराहे पर उस समय भाजपा पार्षदों ने हंगामा कर दिया जब उन्हें सूचना मिली कि एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वार्ड 82 के पार्षद अर्पित सारस्वत के साथ अभद्रता कर दी। इस घटना की जानकारी होते ही भाजपा पार्षद भारी संख्या में घटनास्थल जा पहुंचे। सभी ने इस घटना की निंदा की साथ ही पार्षद से अभद्रता करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई कार्यवाही ना होने पर घटनास्थल पर ही धरने पर बैठ गए।
2 दर्जन से अधिक सत्ताधारी पार्षदों के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस के आला अधिकारी के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पार्षदों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन पार्षद अपनी मांग पर अड़े रहे।
करीब 2 घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद पुलिस और प्रशासन पार्षदों के आगे झुका और अभद्रता करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने भाजपा पार्षद अर्पित सारस्वत से माफी मांगी तब जाकर पार्षदों ने अपना धरना खत्म किया और जाम खोला जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
पार्षद अर्पित सारस्वत ने बताया कि वह अपनी नई Activa से किसी पीड़ित की मदद के लिए थाने जा रहे थे तभी ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उनकी गाड़ी रोक ली। गाड़ी के कागजात दिखाने के बावजूद भी चालन करने की बात कहकर अभद्रता कर डाली जिससे पार्षदों में रोष व्याप्त हो गया।
फिलहाल ट्रैफिक पुलिसकर्मी के माफी मांगने के बाद अब यह मामला रफा-दफा हो गया है लेकिन पार्षदों ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं करेंगे।
