आगरा। थाना सदर पुलिस ने अतुल सिरोही नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल इस व्यक्ति पर आरोप है कि यह व्यक्ति आरटीआई के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करता था और धोखाधड़ी और ठगी भी करता था। जिसके आधार पर थाना सदर पुलिस काफी दिनों से अतुल सिरोही की गिरफ्तारी में लगी थी। मगर बीती रात को सदर पुलिस को यह सफलता हाथ लगी है।
सीओ सदर विकास जयसवाल के मुताबिक गिरफ्तार हुए आरोपी अतुल सिरोही अब तक शहर में दर्जनों लोगों को शिकार बना चुका था और आरटीआई के माध्यम से ब्लैकमेलिंग भी करता था। बताया यह भी जा रहा है कि अभी कुछ दिनों पूर्व अतुल सिरोही का एक ऑडियो वायरल हुआ था। इस ऑडियो में अतुल सिरोही दबाव बनाकर रुपया मांगना चाह रहा था जिसकी शिकायत सीओ सदर को की गई थी। जांच पूरी होने के बाद सीओ सदर ने थाना सदर में अभियोग पंजीकृत करा दिया था और अभियोग पंजीकृत करने के बाद बीती रात को अतुल सिरोही नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
थाना सदर की हवालात के पास में बैठा अतुल सिरोही यह वही व्यक्ति है जो आरटीआई के नाम पर शहर के प्रतिष्ठित लोगों, व्यवसायियों, राजनीति को और अफसरों को अपना शिकार बनाता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है और अब जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
