Home » 3 से 5 अक्टूबर तक सजेगा ‘मीट एट आगरा-2026’, 250 से अधिक प्रदर्शक दिखाएंगे फुटवियर तकनीक

3 से 5 अक्टूबर तक सजेगा ‘मीट एट आगरा-2026’, 250 से अधिक प्रदर्शक दिखाएंगे फुटवियर तकनीक

by pawan sharma

आगरा। जूता उद्योग के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में शामिल ‘मीट एट आगरा-2026’ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर (एफमेक) की ओर से सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में 3 से 5 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 18वें संस्करण में देश-विदेश के 250 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे। तीन दिवसीय फेयर में आधुनिक फुटवियर मशीनरी, कंपोनेंट्स, सामग्री और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।

होटल लेमन ट्री में आयोजित आधिकारिक घोषणा में एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2007 में शुरू हुआ ‘मीट एट आगरा’ अब फुटवियर उद्योग की आपूर्ति शृंखला और तकनीकी विकास का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इस बार चीन की आठ कंपनियां अपनी मशीनरी, उत्पाद और तकनीक प्रदर्शित करेंगी। साथ ही इटली, चीन और ताइवान के व्यापार आयुक्तों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की भागीदारी से आगरा के उद्यमियों को तकनीकी सहयोग, संयुक्त उपक्रम और व्यावसायिक साझेदारी के नए अवसर मिल सकते हैं। एफमेक ने घरेलू फुटवियर निर्माताओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया है।

एफमेक पदाधिकारियों के अनुसार, फेयर में लगभग 20 हजार विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है। आधुनिक मशीनरी, नए मटेरियल और उत्पादन तकनीकों की जानकारी से स्थानीय उद्योग को बदलते वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी।

फेयर चेयरमैन माला खेड़ा ने बताया कि इस वर्ष आयोजन की थीम ‘डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट, ग्रो’ रखी गई है। इसका उद्देश्य उद्यमियों को नई तकनीक और बाजार के अवसरों से जोड़ना तथा कारोबारी साझेदारियों को बढ़ावा देना है।

एफमेक उपाध्यक्ष राजीव वासन ने तकनीकी उन्नयन को उद्योग की जरूरत बताया, जबकि उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि फेयर नए कारोबारी संबंध और बाजार विस्तार का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को उद्घाटन स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह करेंगे।

महासचिव प्रदीप वासन, सचिव अनिरुद्ध तिवारी और कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा ने भी फेयर के माध्यम से छोटे एवं मध्यम उद्यमों, युवा उद्यमियों और स्थानीय निर्माताओं को नई तकनीक, निवेश और विस्तार के अवसर मिलने की बात कही।

इस दौरान सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर सिंह ‘लवली’, प्रदेश महासचिव नकुल मनचंदा, जसविंदर सिंह खेड़ा, रोमी लूथरा और दिलीप रैना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment