आगरा। विगत दिनों विभिन्न समाचार पत्रों और चैनलों के माध्यम से देश के सबसे प्रदूषित शहरों के सर्वे सूची प्रकाशित हुईं जिसमें कई बार आगरा शहर का नाम भी अत्यधिक प्रदूषित शहरों में रहा। इस जानकारी ने मुझे विचलित कर दिया है। बृज की धरती, जो प्रदेश में सर्वादिक हरित आच्छाादिक क्षेत्र है, इस धरती से ही कान्हा जी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है, उस क्षेत्र के शहर की यह दशा हो रही है कि हम खुली हवा में शुद्ध ऑक्सीजन लेने के लिए तरस रहे हैं। मैं इस बात के लिए चिंतित हूं और प्रयास करना चाहता हूं कि हम अपने शहर की आबोहवा उसी स्वरूप में वापस ले आयें जैसे वर्षों पहले हुआ करती थी।
आगरा में बिगड़ती आबोहवा पर चिंता व्यक्त करते हुए महापौर नवीन जैन ने कहा कि वर्तमान में पर्यावरण प्रदूषण समस्त मानव के लिए एक प्रमुख चुनौती बना हुआ है। प्रदूषण के कारण पूरी पृथ्वी दूषित हो रही है और निकट भविष्य में मानव सभ्यता का अंत दिखाई दे रहा है। हमारा भविष्य पर्यावरण पर ही आधारित है। यदि हम अपने कल (भविष्य) को सुरक्षित देखना चाहते हैं तो हमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना पड़ेगा। क्योंकि हमने अपनी आधुनिक सुविधाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्यावरण को हानि पहुंचायी है, इसलिए यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम पर्यावरण को बचाने के लिए, जल-वायु को प्रदूषित होने से बचाने के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। इसी क्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण से बचाव के लिए हम आगरा शहर में एक महीने का जनजागरण अभियान दिनांक 2 अप्रैल से 2 मई तक करने जा रहे हैं।
महापौर नवीन जैन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण से बचाव के लिए यह अभियान ‘उम्मीद बदलाव की, शुद्ध आबोहवा की’ नाम से चलाया जायेगा जो 2 अप्रैल से शुरू होगा। एक महीने तक चलने वाला यह जनजागरण अभियान विभिन्न चरणों में चलेगा जिसमें नगर निगम आगरा, पार्षदगण, प्रमुख समाजसेवी-व्यापारिक संस्थाओं व संगठनों के अलावा प्रबुद्धजनों एवं शहरवासियों का सहयोग रहेगा। आगरा की आबोहवा सुधारने के लिए चलाई जा रही इस मुहिम का हिस्सा बनें और जनजागरण अभियान का प्रतिनिधित्व करें। प्रदूषण के खिलाफ चलने वाले इन जनजागरण अभियानों के माध्यम से समस्त आगरावासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जायेगा और समझाया जायेगा कि प्रदूषण न करें और पर्यावरण की रक्षा करें, जो कि एक आम नागरिक की भी नैतिक जिम्मेदारी है।
महापौर नवीन जैन ने बताया कि प्रदूषण के खिलाफ चलने वाले इस जनजागरण अभियान को विभिन्न चरणों में चलाया जायेगा ताकि समस्त शहरवासी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक हों और दैनिक दिनचर्या की कुछ आदतों में सुधार एवं पहल करे जिससे घर और उसके आस-पास का वातावरण स्वच्छ व सुन्दर बना रहे।
विभिन्न चरणों में चलने वाले जनजागरण अभियान की रूपरेखा –
महापौर का मौनव्रत
महापौर नवीन जैन ने बताया कि वे 2 अप्रैल 2021 शुक्रवार के दिन एमजी रोड़ स्थित स्पीड कलर लैब के सामने समस्त पर्यावरण प्रेमी के साथ सांकेतिक उपवास रखकर इस जनजागरण अभियान की शुरूआत करेंगे। यह सांकेतिक उपवास शहर के समस्त शहरवासियों को जागरूक करने के लिए किया जायेगा कि अब आगरा में प्रदूषण को रोकने और पर्यावरण को सुरक्षित बनाने के लिए शंखनाद हो चुका है। प्रदूषण के खिलाफ इस युद्ध में सभी को सहयोग करना है और संकल्प लेना है कि वे किसी भी रूप में प्रदूषण नहीं करेंगे और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कुछ न कुछ योगदान अवश्य देंगे।
साथी हाथ बढाना (लाल बत्ती ऑन – इंजन ऑफ)
इस जनजागरण अभियान के अंतर्गत 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक आगरा महानगर के प्रमुख चैराहों पर हमारे पर्यावरण प्रहरी ‘साथी हाथ बढ़ाना’ अभियान चलायेंगे। चैराहे पर यातायात रूकने के दौरान वाहन स्वामियों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित करते हुए प्रदूषण न करने के प्रति जागरूक बनाएंगे और समझाएंगे कि चैराहा पर रेड लाइट सिग्नल होने की दशा में हमेशा अपने वाहन का इंजन बंद कर रखें और येलो या ग्रीन लाइट सिग्नल होने पर ही इंजन को स्टार्ट कर वाहन चलायें जिससे एक समय में कई वाहनों से निकलने वाले हानिकारक धुएं पर रोक लगे और आगरा की आबोहवा में सुधार हो सके।
धूल की धुलाई
महापौर नवीन जैन ने बताया कि वे 14 अप्रैल से लेकर 20 अप्रैल तक आगरा महानगर के मुख्य मार्गों के किनारे व डिवाइडरों पर लगे पेड़-पौधों की पानी से धुलाई करेंगे ताकि उनके ऊपर जमी धूल की परत हट सके और ये पेड़-पौधे उचित मात्रा में प्रदूषित वायु को शुद्ध कर हमें अच्छी आबोहवा दे सकें। महापौर ने समस्त शहरवसियों से भी यह अपील की कि अगर उनके घर में, आस-पास या पार्कों में, जहां पेड़-पौधे लगे हैं। वे उनकी पानी से धुलाई कर इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं और अपने आस-पास क्षेत्रों के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर सकते हैं।
खुदाई पर खेद, छिड़काव का मरहम
इस समय आगरा महानगर में जनहित में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर विभिन्न एंजेसी-विभागों द्वारा सड़कों की खुदाई कर उन विकास परक योजनाओं को अमली जामा पहनाया जा रहा है जिसके चलते इन निर्माण कार्य के दौरान खुदाई क्षेत्र के आस-पास उड़ने वाली धूल के कारण क्षेत्रवासी खुली हवा में सांस नहीं ले पा रहे हैं। उनके स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। हांलाकि इन एजेंसी और विभागों द्वारा धूल न उड़े, इसके लिए प्रयास किये जा रहे हैं लेकिन वह नाकाफी है। इसलिए प्रदूषण के खिलाफ छेड़े गये इस युद्ध-अभियान के माध्यम से जहां-जहां खुदाई का कार्य चल रहा है, वहां पर हम पानी का छिड़काव करने का काम करेंगे। इस अभियान से हम शहर की जनता को यह समझाने का प्रयास करेंगे कि ये निर्माण कार्य आपके हित के लिए ही किए जा रहे हैं इसलिए एक आम नागरिक का भी यह कर्तव्य है कि जहां पर भी खुदाई का कार्य चल रहा है वहां आस-पास क्षेत्र के लोग अपनी क्षमतानुसार पानी का छिड़काव करने का प्रयास करें। इससे आप और आपका परिवार खुली हवा में सांस ले सकेगा और वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं राहगीरों को भी परेशानी नहीं होगी।
पर्यावरण विमर्श
‘उम्मीद बदलाव की, शुद्ध आबोहवा की’ अभियान के अंतिम चरण में प्रदूषण के खिलाफ जनजागरण अभियान को जन आंदोलन के रूप में विस्तार करने के लिए 28 अप्रैल से लेकर 2 मई तक आगरा महानगर के सभी 100 वार्डों में पार्षदों की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण एवं विचार गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इस कार्यक्रम में शहर की 100 शख्सियत पर्यावरण प्रहरी के रूप में, प्रबुद्ध जन, सामाजिक संगठन और क्षेत्रवासी भाग लेंगे जिन्हें प्रदूषण न करने और पर्यावरण को संवारने की शपथ दिलाई जाएगी, साथ ही विचार गोष्ठी के माध्यम से उन्हें प्रदूषण के खिलाफ इस युद्ध को जारी रखने की अपील करते हुए अपने आस-पास के लोगों को जागरूक करने पर चर्चा की जाएगी।
प्रेस वार्ता के अंत में महापौर नवीन जैन ने सभी सामाजिक, स्वयंसेवी, शैक्षिक, व्यापारिक संगठनों व संस्थाओं के साथ शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह समय-समय पर प्रत्येक नागरिक ने आगरा को स्वच्छ, हरित और सुन्दर बनाने के लिए चलाए गये विभिन्न अभियानों व आंदोलनों में सहयोग किया है, उसी तरह एक बार फिर आगरा शहर की आबोहवा शुद्ध बनाने एवं पर्यावरण को सुरक्षित बनाने के लिए आप सभी पुनः एक बार फिर मेरे इस जनजागरण अभियान का हिस्सा बने एवं बढ़चढ़ कर भाग लें। ताकि हम अपने आने वाले कल (भविष्य) को संवार सके और अपने बच्चों या भावी पीढ़ी को वैसा ही शुद्ध वातावरण दे सकें जैसा हम उन्हें देना चाहते हैं।
अगर आप हमारे न्यूज़ ब्रेकिंग के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ना चाहते हैं तो इस लिंक पर क्लिक करके हमें सपोर्ट करें, धन्यवाद…
https://chat.whatsapp.com/LaErqf25r0FDcVNYJTZMo9
