Home » कांग्रेसियों ने की एडीजी जोन से मुलाकात, दर्ज़ मुक़दमे हटाने की रखी मांग

कांग्रेसियों ने की एडीजी जोन से मुलाकात, दर्ज़ मुक़दमे हटाने की रखी मांग

by pawan sharma

आगरा। पुलिस प्रशासन की ओर से कांग्रेसियों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे से आक्रोशित कांग्रेसियों का प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को एडीजी अजय आनंद से मिलने के लिए पुलिस लाइन स्थित कार्यालय पहुँचा। जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों के प्रतिनिधि मंडल ने एडीजी जोन अजय आनंद से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेसियों ने पुलिस की ओर से थाना नांई की मंडी में दर्ज किए गए मुकदमे पर अपनी तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की और इस मुकदमे की वापसी के साथ साथ जिला व शहर कांग्रेस कार्यालय पर हिंदूवादी नेताओं की ओर से की गई तोड़फोड़ और बवाल मामले में हिंदूवादी संगठन के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।

एडीजी जोन से मुलाकात के दौरान कांग्रेसियों ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पिछले दिनों प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस कार्यालय पर बवाल करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई थी लेकिन एसएसपी ने बवालियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की बल्कि पीड़ितों के खिलाफ ही मुकदमा लिखा दिया जिसे बर्दाश्त नही किया जाएगा। एडीजी जोन ने कांग्रेसियों की बात को गंभीरता से सुना और इस मामले में उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा का कहना है कि एडीजी जोन से आज मुलाकात करके पुलिस की उत्पीड़न शैली कार्यवाही को उनके सामने रखा है और ज्ञापन सौंपकर पुलिस की ओर से कांग्रेसियों पर लिखाये गए मुकदमे को खत्म करने की मांग की गई है। इतना ही नहीं शहर और जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन करने वाले हिंदूवादी संगठन के नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की है।

प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह का कहना है कि एसएसपी ने न्याय की गुहार लगाने वालों के खिलाफ ही सत्ता के दवाब में मुकदमा लिखवाया है। जिसको लेकर एडीजी जोन से मुलाकात की गई है। अगर कांग्रेसियों पर दर्ज मुकदमा वापस नहीं हुआ तो कांग्रेसी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Related Articles

Leave a Comment