आगरा। प्रदेश सरकार की ओर से बढाई गयी विद्युत दरों के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। विद्युत दरों की बढ़ोत्तरी के विरोध में होने वाले प्रदर्शन को लेकर क्षेत्रीय पुलिस सुबह 8:00 बजे आप पार्टी के जिला अध्यक्ष कपिल वाजपेयी के निवास पर पहुंच गई और उन्हें नजरबंद कर दिया। इस दौरान क्षेत्रीय पुलिस ने आप पार्टी के जिलाध्यक्ष को धारा 144 लागू होने की बात कही और बोदला चौराहे पर मजिस्ट्रेट द्वारा ज्ञापन लेने की बात कही।

नजरबंदी के बावजूद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष कपिल वाजपेयी के नेतृत्व में घर से बोदला चौराहे तक पैदल मार्च निकाला और जमकर नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बिजली के बढे हुए दरों को वापस लेने की मांग की और कहा कि बिजली के बिल हम भरे, उत्सव आप मनाए, यह नही चलेगा। बोदला चौराहे पर पहुँच आप जिलाध्यक्ष कपिल वाजपेयी ने एसीएम थर्ड को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और बिजली की बड़ी दरों को वापस करने की मांग की।
आप जिलाध्यक्ष कपिल वाजपेयी ने साफ कहा कि सरकार ने बिजली के दाम बढ़ाकर आम व गरीब व्यक्ति के साथ किसान की कमर तोड़ दी है। इस फैसले से महंगाई बढ़ेगी। आप जिलाध्यक्ष का कहना है कि विद्युत दरों की बढ़ोत्तरी के विरोध में गली गली में प्रदर्शन कर लोगों को सरकार के इस फैसले के विरोध में एक जुट किया जाएगा।
आप पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस समय भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। इस सरकार में साल के 365 दिनों में से एक भी दिन ऐसा नहीं होता है जब धारा 144 शहर में ना लगी हो। ऐसा लगता है कि शहर खतरनाक बन चुका है। कपिल वाजपेयी का कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध संविधान को स्वीकार है इस प्रकार विरोधियों को रोक कर सरकार अपने काले कारनामों को छुपाना चाहती है और विपक्ष को खत्म करना चाहती है जिसका विरोध आम आदमी पार्टी लगातार करती रहेगी।
इस मौके पर बने सिंह पहलवान, कुशल पाल, जेके गुप्ता, अनुज गुप्ता, राजकुमार भारती, देवेंद्र कुमार, आवेश बघेल, योगेश, रामसेवक धाकरे, अनमोल बंसल, जगदीश राजोरिया, नथा पहलवान, एमके सिंह एडवोकेट ऋषि उपाध्याय, भूपेंद्र सिंह, मुन्ना भदौरिया, दीपक शर्मा, नारायण सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
