अलीगढ़। अलीगढ़ के गांव करसुआ में जहरीली शराब से मौत के मामले में सीएम योगी से मिले निर्देश के बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ एनएसए और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। जिसमें अब तक चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं, 12 लोगों को नामजद किया गया है। बताते चलें कि जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। मृतक लोगों के लिए अलीगढ़ प्रशासन ने पांच ₹5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
इस मामले में एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने अपना बयान जारी करते हुए बताया कि जहरीली शराब कांड में अभी तक मुख्य आरोपी अनिल चौधरी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो अन्य मुख्य आरोपी ऋषि शर्मा और विपिन यादव हैं जिनको पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है और दोनों पर 50-50 हज़ार का इनाम घोषित किया गया है। इन सभी के खिलाफ एनएसए और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि इन लोगों के पास 50 से ज्यादा देसी शराब के ठेके थे। इस मामले में लापरवाही करने पर पांच आबकारी अधिकारियों को भी सस्पेंड किया गया है। इस घटना में जहां 15 लोगों की मौत हो गई तो वहीं जहरीली शराब पीने से घायल हुए लगभग 14 लोगों का इलाज जारी है।
