Home » सपा कार्यकर्ताओं ने पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता पर फेंकी स्याही, जमकर हुई गुत्थमगुत्था

सपा कार्यकर्ताओं ने पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता पर फेंकी स्याही, जमकर हुई गुत्थमगुत्था

by admin

मथुरा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा लोकार्पित की गईं शिला पट्टिकाओं पर कालिख पोतने को लेकर गुरुवार को पीडब्ल्यूडी कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर अधिकारियों की नाम पट्टिकाओं पर कालिख पोत दी और अधिशासी अभियंता के मुंह पर भी कालिख पोतने का प्रयास किया। इससे उग्र हुए पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों और सपा नेताओं में जमकर लाठी डंडे चले। सूचना पर प्रशासन और पुलिस अधिकारी के पहुंचने से पहले सपाई भाग खड़े हुए। खिसियाए हुए पीडब्लूडी के लोगों ने पत्रकारों से भी अभद्रता कर दी। सिटी मजिस्ट्रेट ने बीच मे आकर मामला शांत कराया।

बताते चलें कि लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा लोकार्पित करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की शिला पट्टिकाएं रखी हुई थीं। इन्हें लंबे समय से लगाया नहीं गया था। सूत्रों के अनुसार सरकार बदलते ही अधिकारियों ने उन्हीं विकास कार्यों पर नई शिला पट्टिकाएं लगा दीं जबकि कार्यालय में रखीं शिला पट्टिकाओं को चोरी छिपे ठिकाने लगाने की योजना में इन पर कालिख पोत दी गई। इन्हें ठिकाने लगा पाते इससे पूर्व ही ये मामला मीडिया की सुर्खियां बन गया जिस पर गुरुवार को बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कई घंटे बाद भी जब अधिकारी अपने कार्यालय से निकल कर नहीं आये तो सपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और उन्होंने अधिशासी अभियंता एस के वर्मा के कार्यालय पर लगी नेम प्लेट पर कालिख पोत डाली। इसके बाद वे कार्यालय में अंदर घुस गए और उन्होने अधिशाषी अभियंता के ऊपर काली स्याही फेंक दी। जिस पर बीच बचाव में आए एई बी सी मिश्रा, अतुल अग्रवाल और एम के शर्मा के साथ कैशियर पर भी स्याही उड़ेल दी। इस पर कर्मचारी भी आक्रोशित हो गए और सपा नेताओं पर लट्ठ लेकर बरस पड़े।

कर्मचारियों और सपा नेताओं के बीच जमकर चले लाठी डंडों और ईंट पत्थरों से दो कर्मचारियों के साथ सपा नेता घायल हो गए। एक कर्मचारी को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया इसी अफरा तफरी में सपा नेता वहां से खिसक लिए। इसके बाद पहुंची पुलिस के सामने ही खिसियाए हुए कर्मचारियों ने मीडिया कर्मियों से अभद्रता कर डाली। कर्मचारियों ने मीडिया पर भी लाठी डंडों से हमला बोल दिया।

मौके पर पहुंच थाना प्रभारी सदर धर्मेंद्र दहिया के रोकने पर भी कर्मचारी रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। वहां सिटी मजिस्ट्रेट बसंत लाल अग्रवाल ने सख्ती दिखाकर मामला शांत कराया। जब मामले की सूचना सिटी मजिस्ट्रेट बसंत अग्रवाल को मिली तो वे लोक निर्माण विभाग कार्यालय पहुंच गए और किसी तरह मामले को शांत कराया। मामले को लेकर बात की गई तो उन्होने सीसीटीवी फुटेज मंगवा कर पूरे मामले की जांच और उचित कार्यवाही की बात कही।

Related Articles

Leave a Comment