आगरा। बाह थाना क्षेत्र के जैतपुर क़स्बा स्थित कचौरा घाट रोड पर उस समय अफरा तफरी मच गयी जब अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने शोरूम में घुसकर शोरूम मालिक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में शोरूम मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया और बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल शोरूम मालिक को प्राथमिक उपचार के लिए बाह के प्राथमिक स्वाथ्य केंद्र ले गई जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए घायल शोरूम मालिक को आगरा रेफर कर दिया है तो वहीं पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। घटना दोपहर करीब शुक्रवार शाम 4 बजे की है।
बताया जाता है कि शोरूम मालिक हरगोविंद पाठक अपने बजाज के शोरूम पर बैठे हुए थे तभी नकाबपोश दो बदमाश Pulsar गाड़ी पर आकर शोरूम के सामने रूके और शोरूम में आकर तमंचे से सीधे फायर करना शुरू कर दिया। लोग कुछ समझ पाते इस बीच शोरूम मालिक हरगोविंद को गोलियां लग गई और वह खून से लथपथ होकर नीचे गिर पड़े। इस घटना को अंजाम देकर हमलावर तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। इस घटना के बाद आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते यह हमला तो नहीं हुआ है।
