Agra. लाउडस्पीकर को लेकर मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आगरा में एक बार फिर मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर पर मामला गरमा गया है। योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अजय तोमर एवं यूवा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र धाकड़ के नेतृत्व में गुरुवार को संगठन के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर पहुंचे, जहां उन्होंने मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकरों को हटाने के लिए जिलाधिकारी एवं एसएसपी को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा और कार्रवाई की मांग की।
योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अजय तोमर का कहना था कि आगरा जिला प्रशासन एकतरफा कार्रवाई करते हुए नजर आ रहा है जबकि सरकार के आदेश प्रदेश की 23 करोड़ जनता के लिए है। सभी धर्म और मजहब के लोगों के लिए है किंतु मंदिरों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है और मस्जिदों पर अभी भी लाउडस्पीकर लगाकर दिन में 5 बार अजान की जा रही है। आगरा की सैकड़ों मस्जिदों पर अभी भी लाउडस्पीकर बने हुए हैं। प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की जाएगी ।
आपको बता दें विगत दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जितने भी धार्मिक स्थलों पर अवैध रूप से लाउडस्पीकर लगे हुए हैं उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया जाए एवं जिन धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर लगाने की अनुमति है वह परिसर के अंदर ही उसका इस्तेमाल करें। उसकी ध्वनि बाहर नहीं जानी चाहिए, साथ ही नए धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर नहीं लगने चाहिए। आगरा में मंदिरों के पुजारियों और महंतों ने लाउडस्पीकर उतारना शुरू कर दिए हैं एवं प्रशासन ने भी कार्यवाही करना शुरू कर दिया है।
योगी यूथ बिग्रेड के पदाधिकारियों का कहना है कि आगरा के तमाम थाना क्षेत्रों के अंतर्गत अभी भी मस्जिदों पर लाउडस्पीकरों से अजान हो रही है। अब देखना होगा योगी यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं द्वारा दिये गये ज्ञापन को जिला प्रशासन किस प्रकार संज्ञान में लेगा।
इस दौरान सोनू शर्मा, सुमित भौला, विपिन बैरागी, नरेश प्रजापति, खेमचद धाकड़, रोहित कुमार, कृष्णा माहौर, रामबाबू बघेल, अर्जून उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
