Agra. मंगलवार को उ. प्र.ग्रामीण मजदूर संगठन की कार्यकारणी की एक आवश्यक बैठक संगठन के कार्यालय पर सम्पन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी व श्रमिक नेता तुलाराम शर्मा ने की। बैठक के दौरान मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विचार विमर्श किया गया और दोबारा से लॉकडाउन जैसे बन रहे हालतों को गंभीरता से लिया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कोविड-19 के टीके लगवाए जाने पर भी जोर दिया जिससे श्रमिक वर्ग कोरोना संक्रमण से बच सकें।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कोविड-19 के टीकाकरण को टीका उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, यह उत्सव 4 दिनों तक चलेगा और 15 व 16 अप्रैल को विशेष रूप से श्रमिक मजदूरों को टीके लगाए जाएंगे।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश ग्रामीण मजदूर संगठन के अध्यक्ष तुलाराम शर्मा ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, निर्माण श्रमिक, रेड्डी पटरी पर काम करने वाले, दुकानदार, आटो रिक्शा, बस टैक्सी ड्राईवर, फेरी वाले आदि लोगों से अपील की है कि सरकार द्वारा चलाये जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत अपने—अपने ब्लॉक व पास के चिकित्सा केन्द्र में जाकर टीका लगवायें, साथ ही अपने आस—पास के लोगों को भी जागरूक करे जिससें वे भी कोविड-19 का टीका अवश्य लगवाएं।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण मजदूर संगठन के अध्यक्ष ने मजदूर भाइयों से भी अपील की है कि वह कोरोना संक्रमण से अपने और अपने परिवार को बचाने के लिए मास्क जरूर पहने और सेनेटाइजर का उपयोग अवश्य करे। इतना ही नहीं कार्य स्थल पर 2 गज की दूरी आदि का पालन अवश्य करें जिससे कोरोना की दूसरी लहर से लड़ने में सफलता प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर संजय शर्मा, साकिर खान, पिंकी जैन, प्रतिमा ढोमने, निर्मला बघेल, राहुल शर्मा, हेमलता गोला, ओम प्रकाश गोला, अरविन्द, प्रेम प्रकाश सविता आदि ने जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।
