आगरा। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कल बुधवार यानी 30 जून को आगरा आ रहे हैं। वह लखनऊ एक्सप्रेस वे से होते हुए दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां पर स्वतंत्र देव सिंह आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद आदि जिलों के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। उनकी यह बैठक शाम 5 बजे तक चलेगी।
इसके बाद स्वतंत्र देव सिंह आगरा जिले के उन सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के घर पर जाएंगे जिनका कोरोना काल से निधन हो गया या फिर उनके परिवार में किसी सदस्य का निधन हो गया। उनके घर जाकर स्वतंत्र देव सिंह परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा भी 1 जुलाई को आगरा आ रहे हैं। वे गुरुवार की सुबह 9:30 बजे आगरा एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंदौली सुबह 11:00 बजे पहुंचेंगे। यहां पर बन रहे नए ऑक्सीजन प्लांट के स्थल का निरीक्षण करेंगे, साथ ही आयुष्मान कार्ड का वितरण और वृक्षारोपण करेंगे। इसके बाद खंदौली में ही मुकेश गुप्ता के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक लेंगे। यहां से दोपहर 1:30 बजे भाजपा नेता जगवीर सिंह तोमर के निवास पर जाकर उनकी पत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने जाएंगे।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 95वें स्थापना दिवस समारोह में शिरकत करने के लिए खंदारी परिसर स्थित जयप्रकाश नारायण सभागार पहुंचेंगे। यहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैयां में बन रहे दूसरे नए ऑक्सीजन प्लांट स्थल का निरीक्षण करेंगे और फिर मंडल के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक लेंगे। शाम 5 बजे बृथला गांव में स्वर्गीय केके त्यागी के आवास पर शोक संवेदना एवं परिजनों से भेंट करने जाएंगे।
