मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुखिया की ओर से पिछले दिनों मथुरा के कई स्थानों को चिन्हित कर उन्हें धार्मिक पर्यटन में जोड़े जाने की जो घोषणा की थी। अब उसे अमलीजामा पहनाया जा रहा है। यह बात सरकार के संस्कृति, धर्मार्थ, दुग्ध विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कही।
उनका कहना था कि प्रदेश के मुखिया ने गोवर्धन, राधाकुण्ड, नन्दगांव, गोकुल तथा बल्देव को पवित्र तीर्थ स्थल घोषित किए हैं। मंत्री का कहना है कि सरकार के इस प्रयास से मथुरा जनपद के गौरवशाली इतिहास और आध्यात्मिक क्षेत्र में विश्व स्तर पर चमकेगा।
संस्कृति, धर्मार्थ, दुग्ध विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि तीर्थ स्थल घोषित किये जाने के बाद से इन क्षेत्रों का पूरी तरह से विकास हो सकेगा। जनसामान्य को स्वच्छ पेयजल और बेहतर चिकित्सा सुविधा के साथ साथ यातायात, साफ-सफाई व सीवरेज की व्याप्त समस्याओं का भी निराकरण होगा। इतना ही नहीं मथुरा के धार्मिक पर्यटन के हब बनने से यहाँ पर्यटन का व्यवसाय बढेगा जिससे मथुरा में नौकरी के अवसर बढ़ेंगे। इतना ही नहीं काशी की तरह ही मथुरा में धार्मिक और आध्यात्मिक शिक्षा ग्रहण करने के लिए लोग आएंगे।
मंत्री लक्ष्मीनारायण का कहना है धार्मिक पर्यटन घोषित होने से यहाँ की कानून व्यवस्था दुरुस्त होंगी और मथुरा को नशीले पदार्थों से भी मुक्ति मिलने की पूर्ण संभावना बन जाएँगी।
