Agra. भारतीय महिला क्रिकेट एकादश टीम में आगरा का प्रतिनिधित्व करने वाली दीप्ती शर्मा के घर की सड़क अब टूटी फूटी और गड्डायुक्त नहीं रहेगी। लगभग 72 लाख रू की लागत से इस मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। मंगलवार को इस सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास भाजपा विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने किया। इस सड़क का निर्माण पी.डब्ल्यू.डी. विभाग द्वारा किया जाएगा।शिलान्यास समारोह में क्रिकेट खिलाड़ी दीप्ति शर्मा के पिता भगवान शर्मा, ताऊ बी.एस. शर्मा, भ्राता संजय शर्मा सहित परिवारीजन मौजूद रहे।
आपको बताते चले कि उ0प्र0 के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा- ‘‘उ0प्र0 के निवासी अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी के आवास की सड़क को मुख्य मार्ग से मिलाने की सड़क निर्माण योजना’’ के अन्तर्गत आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक योगेन्द्र उपाध्याय द्वारा भारत की अन्तर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी दीप्ती शर्मा के अवधपुरी स्थित आवास को सौ फुटा रोड से जोड़ने वाली सड़क निर्माण हेतु एक प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया था। सरकार की ओर से इस प्रस्ताव पर स्वीकृति मिली और अब सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस सड़क का निर्माण 72 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। भारतीय महिला क्रिकेट एकादश टीम में प्रतिनिधित्व करती हैं और आगरा की निवासी भगवान शर्मा की पुत्री एवं आर.एस.एस. के क्षेत्रीय योग पुरूष बी.एस. शर्मा की भतीजी है।
शिलान्यास के मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोक निर्माण विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मोर्या का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जहाँ एक ओर योगी सरकार की योजनानुसार अन्तर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी की जर्जर सड़क का निर्माण होगा वहीं इस मार्ग के निर्माण होने से आसपास के लगभग 100 घरों का क्षेत्र भी विकसित होगा। इस सड़क निर्माण से पूर्व भाजपा विधायक ने इस क्षेत्र में सीवर लाईन, गंगाजल आपूर्ति की लाईन और गैस आपूति की लाईन बिछाने का कार्य पूर्ण करा दिया है। सड़क निर्माण के उपरान्त यह क्षेत्र एक आदर्श क्षेत्र के रूप में पूर्ण विकसित हो जायेगा।
शिलान्यास समारोह के इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद कन्हैया लाल कुशवाह, ओमप्रताप सिंह, भाजपा शिवाजी मण्डल अध्यक्ष डॉ0 प्रदीप उप्रैती, देवेश पचौरी, पदम सिंह, योगेन्द्र कश्यप, सन्तोषीलाल, मीनाक्षी वर्मा, मंजू कुशवाह सहित बडी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
