आगरा। चंबल नदी के किनारे बने टीलों पर छिपकर सज रही जुए की फड़ पर अचानक से पुलिस पहुंच गई तो जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। टीले पर पुलिस को देखकर पहले तो जुआरी आश्चर्यचकित हुए और फिर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आवश्यक बल का प्रयोग किया और चार जुआरियों को धर दबोचा। पुलिस ने कानूनी कार्यवाही कर जेल भेज दिया है तो होली पर्व के दौरान हुई इस कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मचा हुआ है।
मामला पिनाहट थाना क्षेत्र का है। अपराधियों पर शिकंजा कसने में लगी पुलिस को सूचना मिली थी कि चंबल नदी के किनारे बने टीलों पर जुए की फड़ सजी हुई है। चंबल नदी के किनारे बड़े स्तर पर जुआ होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और टीले की घेराबंदी कर दी। अचानक से पुलिस को देखकर जुआरी भागने लगे। पुलिस ने मौके से 4 जुआरियों को धर दबोचा लेकिन 6 जुआरी भागने में सफल हो गए।
पुलिस ने इस कार्यवाही के दौरान आकाश पुत्र रनवीर सिंह, बलराम पुत्र नबाब सिंह, देवेश पुत्र रामरतन और योगेश पुत्र नाथूराम को गिरफ्तार किया है और जुए की फड़ से 5670 नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी जुआरियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
