आगरा। कोरोना संक्रमण के चलते विश्व की सबसे खूबसूरत ईमारत मोहब्बत की निशानी ताजमहल लगभग पिछले चार महीनों से बंद है। देशी विदेशी पर्यटक पिछले चार महीनों से ताज का दीदार नही कर पाए है तो वहीं ताजमहल भी पर्यटकों के लिए तरस रही है लेकिन अब ताजमहल के दीदार की हसरत रखने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर आई है। कोरोना संक्रमण के इस समय मे भी देशी विदेशी पर्यटक ताज का दीदार कर सकेंगे।

प्रशासन की अनुमति से ताजमहल के साये में बने ताज व्यू पॉइंट को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। ताजमहल के दीदार की हसरत रखने वाले लोग ताजमहल न खुलने तक मेहताब बाग में बने ताज व्यू पॉइंट से ताजमहल का दीदार कर सकेंगे। मेहताब बाग में बने ताज व्यू पॉइंट को भी प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के चलते अन्य ऐतिहासिक स्मारकों के साथ इसे बंद कर दिया गया था लेकिन प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद आगरा विकास प्राधिकरण ने बंद पड़े मेहताब बाग के ताज व्यू पॉइंट को पर्यटकों के लिए खोल दिया हैं। ताज व्यू प्वाइंट को खोलने के साथ प्रशासन ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी इंतजाम भी किये। ताज व्यू प्वाइंट पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग और हाथों को सैनेटाइज किया जा रहा हैं।
ताज व्यू पॉइंट के खुलने के बाद से पर्यटक यहां ताजमहल का दीदार कर रहे है और संगमरमरी इमारत ताजमहल का दीदार करके अपनी हसरत को पूरा कर रहे हैं। ताज व्यू पॉइंट के खुलने के पहले दिन पर्यटको ने ताजमहल के साथ सेल्फी व फोटो शूट कराकर इन पलों को यादगार बनाया।
कोविड-19 के चलते मोहब्बत की निशानी ताजमहल को आगरा प्रशासन ने बंद कर रखा हैं जिसके कारण टूरिज्म से जुड़े कारोबार को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा हैं लेकिन
ताज व्यू प्वाइंट खुल जाने के बाद पर्यटकों के साथ पर्यटन से जुड़े कारोबारियों को भी राहत मिलेगी।
