आगरा। दिवाली पर की गई जमकर आतिशबाजी के चलते ताजनगरी की आबोहवा जहरीली हो गई है। जिसके चलते सांस और दमा के मरीजों की हालत खराब होने लगी है। एसएन मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में सैकड़ों की संख्या में सांस और दमा के मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचने लगे हैं। बीते दिन एसएन मेडिकल कॉलेज में एक ही दिन में 100 से अधिक मरीज पहुंच गए। इसमें से 19 मरीजों को सांस लेने में परेशानी होने के चलते एडमिट कराना पड़ा।
एसएन के चेस्ट एंड टीबी रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ संतोष कुमार ने बताया कि ओपीडी में कई मरीज ऐसे आए हैं जिन्हें सांस लेने में दिक्कत, सीने में जकड़न और खांसी की परेशानी थी। इसके अलावा टीबी के पुराने रोगियों को भी गंभीर बीमारी हो गई। जिसमें 12 मरीजों की हालत ज्यादा गंभीर होने पर अस्पताल में ही भर्ती कराया गया और ऑक्सीजन की सप्लाई दी गई।
एसएन के टीबी रोग विभाग से डॉ जी वी सिंह ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में सांस और दमा के मरीजों की संख्या अभी और बढ़ेगी। त्यौहार के चलते ओपीडी में मरीज कम आए हैं। जानकारी के मुताबिक बीते दिन शुक्रवार को एसएन में 300 से अधिक मरीज ओपीडी के लिए पहुंचे।
