आगरा। भारतीय संस्कृति और कला का अनूठा संगम ताज महोत्सव, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और कला एक जगह देखने को मिलती है। आगरा में प्रतिवर्ष यह महोत्सव ताज महल के साये शिल्पग्राम में लगता था लेकिन इस बार यह महोत्सव शिल्पग्राम से लगभग डेढ़ किलो मीटर दूर एक मैदान में लगने जा रहा है। 18 फरवरी से शुरू होने वाले ताज महोत्सव की तैयारियां जोर शोर के साथ चल रही है। इस समय शिल्पग्राम में मरम्मत के कार्य चल रहे हैं, इसलिए महोत्सव स्थल बदला गया है।
महोत्सव स्थल का ले-आउट तैयार
जिला प्रशासन की ओर से ताज महोत्सव के आयोजन का पूरा प्लान और ले-आउट तैयार कर लिया गया है। करीब 5 एकड़ क्षेत्र में ताजमहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्य मंच, कलाकारों के लिए ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, झूले, फ्लावर शो और ओडीओपी प्रदर्शनी के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं साथ ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाएगी। जिस पर जोर शोर से काम चल रहा है। कारीगर एक तरफ मंच को तैयार कर रहे हैं तो दूसरी ओर स्टाल लगाने के लिए दुकानें भी तैयार की जा रही है।
पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेंगी स्टाल
ताज महोत्सव में हर बार सैकड़ों स्टाल लगती है। यह स्टाल विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजन या फिर हस्तशिल्पीय के विभिन्न उत्पादों की होती है। देशभर से शिल्पी अपने उत्पादों को बेचने के लिए इस महोत्सव में आते हैं। जानकारी के मुताबिक इस बार स्थान बदला गया है और जगह भी काफी है इसलिए स्टाल की संख्या बढ़ाकर लगभग 400 की गई है। ताज महोत्सव में पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर स्टाल का वितरण किया जाएगा।
बॉलीवुड नाइट से सजेगी शाम
10 दिवसीय महोत्सव के दौरान बॉलीवुड नाइट, पंजाबी और सूफी संगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी। इसके अलावा कवि सम्मेलन और मुशायरा भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रमों के लिए मुख्य कलाकारों का चयन जल्द किया जाएगा। वहीं स्थानीय कलाकारों के चयन हेतु ऑडिशन चल रहे हैं।
