आगरा। सलमान खान की फिल्म लवरात्रि का विरोध एक बार फिर तेज हो गया है। इस फिल्म का ट्रेलर जैसे ही लॉन्च हुआ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और इस फिल्म को बैन करने की मांग को लेकर हिंदूवादी संगठन विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शमशाबाद रोड से राजपुर चुंगी चौराहे पर जमकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने सलमान खान का पोस्टर लगा हुआ पुतला फूंक दिया। इस विरोध प्रदर्शन से पहले हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने नवरात्रि फिल्म के विरोध में अपना मुंडन कराया और हिंदू परंपरा के अनुसार सलमान खान का अंतिम संस्कार करते हुए उनका पिंडदान भी कर दिया।
हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों का कहना था कि एक रणनीति के तहत हिंदुओं के त्यौहार को गलत तरीके से फिल्मों के माध्यम से लोगों के सामने पेश किया जा रहा है

इसके साथ ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सलमान खान की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली जिसे चारों ओर घुमाते हुए राजपुर चुंगी चौराहे पर फूंक दिया गया।
विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं का कहना था कि सलमान खान की फिल्म लवरात्रि को नवरात्रि से जोड़कर बनाया गया है फिल्म हिंदू आस्थाओं पर गहरी चोट करती है। इसीलिए फिल्म का विरोध किया जा रहा है फिल्म चलने नहीं दी जाएगी।
फिलहाल हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि आगरा शहर की जिस थिएटर में यह फिल्म चलेगी उस थिएटर को भी फूंक दिया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और फिल्म चलाने वाले थियेटरों स्वामी की होगी।
