आगरा. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। आगरा में आयोजित हुए विराट हिंदू सम्मेलन में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर मुख्य वक्ता के रूप में पहुंची। मंच से माइक संभालते ही उन्होंने सनातन संस्कृति को सहजने के साथ साथ हिंदुओं की एकजुटता पर जोर दिया। कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो उसके परिणाम हमारी आने वाली पीढ़ी को भुगतने होंगे।
यूजीसी के नए नियमों पर दी प्रतिक्रिया
विराट हिंदू सम्मेलन में पहुंची साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पत्रकारों से रूबरू हुई। उन्होंने विराट हिंदू सम्मेलन पर प्रकाश डाला और फिर यूजीसी के नए नियमों पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई ऐसा कार्य है जिससे हिंदुओं की एकता विखंडित हो रही है तो उसे नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूजीसी का नया नियम भेदभाव करने वाला है, यह भेदभाव नहीं होना चाहिए।
वेब सीरीज घूसखोर पंडित
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होने से पहले ही अपने नाम से विवादों में आई घूसखोर पंडित मूवी को लेकर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि घूसखोर पंडित वेब सीरीज बनाने वाले लोग वामपंथी विचारधाराओं वाले लोग हैं जो ऐसे कृत्य करते हैं। उन्होंने कहना है कि यह इस तरह का कृत्य जान बूझकर करते हैं जिससे उनकी फिल्म को प्रमोशन मिल सके। उन्होंने कहा कि इसके टाइटल को बदलना चाहिए, अगर कहानी में विद्रूपता परोसी गई है तो उसे भी बदलना पड़ेगा।
अविमुक्तेश्वरानंद महाराज विवाद पर बरसी
उन्होंने अविमुक्तेश्वरानंद महाराज विवाद पर भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी और दोनों पक्षों को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि जो शंकराचार्य है सनातन के प्रहरी हैं, उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए तो वही जो राजनीति कर रहा है, उसे साधुओं और सनातन का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर जनता मुझे राजनीति में चाहेगी तो मैं वापस सक्रिय राजनीति में आऊंगी अगर लोग योग्य हो गए हैं, तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है, मैं तो अपना राज्यकार्य, धर्मकार्य अच्छे से कर रही हूं।
