Agra. जिले में हुए त्रिस्तरीय मतदान के दौरान फतेहाबाद ब्लाक के रिहावली और जगनेर के चंदसौरा मतदान केंद्र पर मतपेटिकाओं को लूटने की हुई घटना के बाद दोनों ही बूथों पर आज पुनर्मतदान कराया जा रहा है। दोनों ही जगह सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार देखने को मिली। दोनों मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुई जो शाम छह बजे तक चलेगी। पुनर्मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 15 अप्रैल को मतदान के दौरान फतेहाबाद के रिहावली और जगनेर के चंदसौरा मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान कराने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों ने बूथों पर हमलाकर मतपेटियां लूट ली थी। घटना के बाद इन बूथों के क्षेत्रों को छावनी बनाया गया और तलाशी अभियान के माध्यम मतपेटिकाओं को बरामद किया गया। इस घटना के बाद ही इन दोनों बूथ पर पुनर्मतदान कराये जाने की घोषणा जिलाधिकारी ने की थी। जिला निर्वाचन अधिकारी की संस्तुति पर ही आज पुनर्मतदान हो रहा है।
फतेहाबाद के रिहाबली बूथ पर चल रहे पुनर्मतदान मतदान क्व दौरान मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला है। सुबह 11:00 बजे तक रिहावली बूथ पर 46% मतदान हो चुका है।
