कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले देश में लगातार बढ़ते जा रहे हैं और अब ये मामले डेढ़ सौ के पार पहुंच गए हैं। देश में कोरोना वायरस के इस नए वैरिएंट से संक्रमण के कुल 157 मामले हो गए हैं।इस वैरिएंट को वैरिएंट ऑफ कंसर्न सूची में शामिल किया गया है। ये वैरिएंट अब तक देश के 12 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों तक अपने पांव पसार चुका है। महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन(Omicron) के सबसे अधिक 54 मामले सामने आए हैं।
जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमीक्रोन फैल चुका है उनमें महाराष्ट्र, केरल , तेलंगाना ,तमिलनाडु , दिल्ली, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश सहित पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
देश की राजधानी दिल्ली में ओमिक्रॉन के 4 नए मरीज मिले हैं, जिसके बाद दिल्ली में ओमीक्रोन के कुल मरीजों की संख्या 26 हो चुकी है।ओमिक्रॉन के साथ-साथ अब कोरोना के भी केस बढ़ते जा रहे हैं। हालांकि दिल्ली में ओमिक्रॉन के 12 मरीज डिस्चार्ज भी हो चुके हैं और 12 मरीजों का इलाज जारी है।
दिल्ली सरकार ने ओमीक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए दो लैंब बनाई हैं। लिहाज़ा एक लैब में 400 सैम्पल की प्रतिदिन टेस्टिंग हो सकेगी। बता दें एक लैब LNJP अस्पताल और दूसरी लैब ILBS अस्पताल में बनाई गई है। ओमिक्रॉन की जांच के लिए सिर्फ उन्हीं लोगों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लैब भेजे जा रहे हैं, जो कि रिस्क देशों से दिल्ली आ रहे हैं और कोरोना पॉजिटिव हैं।
वहीं लद्दाख में 28 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिसके बाद कोरोना संक्रमित एक्टिव मरीजों की संख्या 188 तक जा पहुंची है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि लेह में कोरोना के 158 मामले और कारगिल में 30 नए मरीज मिले हैं। हालांकि लद्दाख में 21 मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।
देश के कई राज्यों तक पहुंचा ओमिक्रॉन भयावह होता जा रहा है।जानकारी के अनुसार कर्नाटक में ओमिक्रॉन के पांच केस सामने आए हैं। इन मामलों में 82 साल के बुजुर्ग और 73 साल की महिला सहित क्रमशः 19 और 20 साल की एक युवती भी शामिल है। विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक ओमिक्रॉन बुजु्र्गों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।तेलंगाना में 20, राजस्थान में 17, कर्नाटक में 14, गुजरात में 9, केरल में 11, उत्तर प्रदेश में 2, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एक-एक व्यक्ति में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। वहीं शासन और प्रशासन की ओर से लगातार मास्क लगाने और वैक्सीनेशन करवाने की अपील की जा रही है।
