Home » गांधी जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में स्कूली छात्रों द्वारा निकाली गई विशाल रैली

गांधी जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में स्कूली छात्रों द्वारा निकाली गई विशाल रैली

by admin

फिरोजाबाद। शिकोहाबाद नगर में जसलई रोड स्थित द एशियन स्कूल द्वारा महात्मा गांधी के 150वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया जिसमे 1200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली का मुख्य प्रयोजन शहरवासियों को गांधी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने का था। इस रैली का शुभारंभ एसडीएम शिकोहाबाद एकता सिंह ने हरी झंडी दिखा कर किया।

रैली के आरम्भ में छात्रों द्वारा बैंड ग्रुप अपनी मधुर धुनों के साथ शोभा बढ़ा रहा था। रैली में महात्मा गांधी के जीवन की झांकिया जैसे -दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद हटाना, मृत्यु के समय हे राम आदि की प्रस्तुति को लोगों ने काफी सराहा। तहसील तिराहे पर एक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर छात्राओं ने सबका मन मोह लिया।

महात्मा गांधी के स्वरूप में नजर आए छोटे-छोटे बच्चों ने शहरवासियों को महात्मा गांधी के जीवन से रूबरू कराया और उनके आदर्शों को उन तक पहुंचाया। जैसे ही महात्मा गांधी के स्वरूप आगे आगे बढ़ने लगे वैसे ही भारी संख्या में मौजूद छात्र उनके पीछे-पीछे चलने लगे। सभी लोग रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीताराम की धुन गुनगुनाने लगे।

इस अवसर पर एसडीएम एकता सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिए ताकि लोग देश की महान विभूतियों को याद रख सके और उनके विचारों को अपने जीवन में उतार सके। उन्होंने द एशियन स्कूल के इस प्रयास की सराहना की। यह रैली पालीवाल चौराहा, तहसील तिराहा, कटरा बाजार पर पहुंची जहां लोगो द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। यह रैली स्टेट बैंक चौराहा से होकर विद्यालय पर आकर समाप्त हुई। अंत में विद्यालय प्रबंधक राजेंद्र यादव द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। रैली का सफल संचालन आशुतोष वर्मा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य आसिम मंसूर, कॉर्डिनेटर दीपक ओचानी, ब्रजेश, शिवनाथ, विष्णु अग्रवाल, कुलदीप, धर्मेंद्र सक्सेना, राजकुमार दक्ष, आकाश नीलेश, राजकुमार, विमल, योगेश, आरुषी, समरीन, शिवानी सिंह रेनू, हनी महाजन, ऋतू, रूबी, पूजा पालीवाल आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Related Articles