आगरा। हरियाणा की सपना चौधरी के दीवाने इस समय देश भर में देखे जा सकते हैं। मशहूर स्टेज डांसर और बिग बॉस में तहलका मचाने के बाद अब सपना चौधरी आगरा वासियों को भी दीवाना बनाने के लिए जल्द शहर में आ रहीं है। वहीं आगरा के दीवाने भी सपना चौधरी का दीदार कर सकेंगे। आरोही संस्था के निर्देशक व आयोजक अमित तिवारी ने गुरुवार को दिल्ली गेट स्थित एक फैमिली रेस्टोरेन्ट में प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 15 अक्टूबर को आगरा कॉलेज मैदान में उनकी संस्था द्वारा बड़ा मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसमें मशहूर स्टेज डांसर सपना चौधरी अपना लाइव परफॉर्मेंस देंगी। हालाँकि आयोजक पिछले कई दिनों से सपना चौधरी का यह कार्यक्रम प्रस्तावित कर चुके थे लेकिन प्रशासन से अनुमति न मिल पाने के कारण कार्यक्रम लेट होता जा रहा था। अब 15 अक्टूबर को आगरा कॉलेज में इस कार्यक्रम को आयोजित कराने के लिए अनुमति मिल चुकी है।
सपना चौधरी के लाइव स्टेज परफॉर्मेंस के अलावा रॉक बैंड म्यूजिक, सिंगिंग, डांसिंग आदि का भी मनोरंजन तड़का लगेगा। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आयजकों द्वारा टिकट की व्यवस्था की गई है जिनके रेट लगभग ₹500 से लेकर ₹1500 तक के हैं। यह टिकट आरोही संस्था के संजय प्लेस स्थित कार्यालय, C9 रेस्टोरेंट फतेहाबाद रोड, C9 रेस्टोरेंट दिल्ली गेट, रामबाग स्थित चीनू आइसक्रीम स्टोर आदि जगह से प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में प्रतिभाशाली महिलाओं का सम्मान समारोह रखा गया है जिसमें महिलाओं के उत्थान के लिए अग्रणी भूमिका निभाने वाली 9 महिलाओं को नवरत्न से सम्मानित किया जायेगा जिनका चयन कोर कमेटी द्वारा किया जाएगा। इन नवरत्न महिलाओं के अलावा अन्य श्रेणी में भी प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया जायेगा।
गौरतलब है कि इस समय सपना चौधरी के बेशुमार दीवाने बने हुए हैं और उनके आने की खबर मिलने के बाद से हजारों लोग 15 अक्टूबर डेट का इंतजार कर रहे होंगे। यही कारण है कि संस्था द्वारा आगरा कॉलेज मैदान पर आने वाली प्रशंसकों की भीड़ और किसी भी तरह की परेशानी से निपटने के लिए पुलिस की व्यवस्था के साथ-साथ 100 से अधिक प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी तैनाती जाएगी।
