Agra. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने पुलिस के इकबाल को धराशाई कर दिया है। कुछ युवा लड़कों ने चौकी को अपनी प्रॉपर्टी समझ कर नंगा नाच किया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। लड़को ने चौकी पर इस हरकत को उस समय अंजाम दिया जब चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो थाना जगदीशपुरा की चौकी अवधपुरी का बताया जा रहा है। इस वीडियो में कुछ लड़के चौकी में उठापटक करने में लगे हुए है। एक लड़का चौकी इंचार्ज की टेबल पर पैर रखकर ऊपर चढ़ा हुआ है और उसका बेखौफ होकर वीडियो भी बनवा रहा है। इन युवकों को जो कुछ भी सूझ रहा है वो चौकी में करते हुए नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर जैसे ही इन लड़कों के वीडियो वायरल हुए वैसे ही पुलिस हरकत में आई और एक्शन लेते हुए सभी लड़कों को गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरे मामले को लेकर थाना प्रभारी का कहना है कि गश्त पर होने के चलते चौकी पर उस समय कोई नहीं था। इस कारण कुछ युवक अंदर चले गए और उल्टी सीधी हरकत करते हुए वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में लड़के साफ दिखाई दे रहे हैं उसके आधार पर युवकों कि पहचान कर ली गयी है। लड़कों को हिरासत में ले लिया गया है।
साफ़ है कि चौकी इस समय भगवान भरोसे चल रही है। चौकी पर ड्यूटी होने के बाद भी कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इससे ऐसा लगता है कि पुलिस अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निर्वहन नही कर रही है।
