Home » महिला डॉक्टर से चौथ मामले में सपा ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल

महिला डॉक्टर से चौथ मामले में सपा ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल

by admin
In Chauth case with female doctor, SP raised questions on law and order

आगरा। शाहगंज क्षेत्र की महिला डॉक्टर के परिवार को पांच लाख रुपये चौथ नहीं देने पर जान से मारने की धमकी के मामले में विपक्ष ने भाजपा सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल पर महिला डॉक्टर की वीडियो शेयर कर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कुख्यात की दहशत से डॉक्टर दंपती आगरा से पलायन कर राजस्थान में रहने को मजबूर हैं। शनिवार को पीड़ित महिला डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला, जिसमें मुख्यमंत्री से कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगा रही है। कुख्यात सुधीर सिंह भदौरिया और उनके परिजनों पर राजनीतिक लोगों का हाथ होने का भी आरोप लगाया है। 

शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली महिला डॉक्टर ने 16 मार्च को मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें ऋषि मार्ग निवासी महेश सिंह, उसकी बहन ममता सिंह, पत्नी गौरी सिंह, मां, साली सुमन, रेनू सिंह और भाई सुधीर सिंह भदौरिया को नामजद किया। सुधीर फतेहगढ़ जेल में बंद है। वह उम्रकैद की सजा काट रहा है। महिला डॉक्टर ने वीडियो में कहा है कि पड़ोस में रहने वाले महेश और गौरी काफी समय से ब्लैकमेल कर रहे हैं। उसने बताया कि 22 फरवरी को पांच लाख रुपये की चौथ मांगी। न देने के एवज में धोखे से बनाए फोटो वायरल करने की धमकी दी। चौथ की रकम नहीं देने पर तीन दिन बाद फोटो वायरल कर दिए। इसके बावजूद उन्होंने चौथ की रकम नहीं दी।

तब महेश कुमार ने अपनी बहन के साथ मिलकर कुख्यात सुधीर सिंह से कई बार फोन करवाया। चौथ नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। डॉक्टर ने कहा कि वह परिवार सहित आगरा छोड़कर राजस्थान में रह रही है। यहां पर भी उनके डॉक्टर पति की कार को दो ट्रक के बीच टक्कर मार दी गई, इसमें पति घायल हो गए।

इस पूरे प्रकरण में पुलिस गहनता से जांच कर कार्रवाई में जुटी है तो वही समाजवादी पार्टी के ट्विटर हैंडल से भी महिला डॉक्टर के वीडियो को शेयर कर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ट्वीट में कहा गया है कि दबंग माफिया को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है इसलिए उसकी इतनी हिम्मत हो पा रही है। साथ ही समाजवादी पार्टी ने डॉक्टर दंपत्ति को सुरक्षा मुहैया कराने की भी अपील की है।

Related Articles