आगरा। आगरा जिला की सड़कों की खराब हालत को लेकर भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को भाकियू राष्ट्रवादी जिला अध्यक्ष सोमवीर यादव ने अपने कार्यकर्ताओं और किसानों के साथ टक्कर रोड़ स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय में विभाग के मुख्य अभियंता के खिलाफ धरना दिया और मुख्य अभियंता का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। भाकियू राष्ट्रवादी के धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अधिशासी अभियंता निर्माण खण्ड 2 जेपी सिंह धरना स्थल पहुँचे। अधिशासी अभियंता निर्माण खण्ड 2 जेपी सिंह के पहुँचते ही आक्रोशित किसानों ने उन्हें घेर लिया और धरना स्थल पर बैठा लिया और खराब सड़को को सही कराने का
आश्वासन मिलने पर ही किसानों ने अधिशासी अभियंता निर्माण खण्ड 2 जेपी सिंह को छोड़ा।
भाकियू राष्ट्रवादी के जिलाध्यक्ष सोमवीर का कहना था कि
देवरी रोड से लेकर इरदतनगर, मदरा गांव और राजपुर चुंगी से कोलख्खा तक की रोड सहित आगरा जिले की अन्य सड़कों की हालत खस्ता हाल में है। इन सड़कों पर व्यक्ति पैदल भी नही चल सकता है।
भाकियू राष्ट्रवादी अध्यक्ष का कहना है कि यूपी सरकार प्रदेश की सड़कों को गड्डा मुक्त बनाने का अभियान चला रही है फिर भी जिले की अधिकतर सड़कें टूटी पड़ी है। उन्होंने मांग की कि सड़कें बनवाने का कार्य अति शीघ्र कराया जाए नहीं तो भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगी। इस दौरान काफी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष रविंद्र सिंह और जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह यादव, किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने किया।
