आगरा। फतेहाबाद के गाँव कल्याणपुर निवासी एक 40 वर्षीय किसान को शौच के लिए जाते समय आगरा फतेहाबाद मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिसके चलते उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। जानकारी पर पुलिस एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचे और समझा-बुझकर ग्रामीणों से जाम खुलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह पीपल चौकी के नजदीक, पास के कल्याणपुर निवासी मनीराम कुशवाहा पुत्र पूरन सिंह उम्र करीब 40 वर्ष शौच के लिए जा रहे थे। समय करीब सुबह 8:30 बजे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उनकी मौके पर मृत्यु हो गई। इस घटना कज सूचना पर परिजन और गांव के लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने जाम लगा दिया जिस कारण से यातायात बाधित हो गया।
जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर फतेहाबाद आलोक कुमार सिंह थाने के फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। मौके पर तहसीलदार फतेहाबाद मनोज कुमार भी पहुंचे और उन्होंने मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने के आश्वासन दिया। उसके बाद ग्रामीण शांत हुए। उसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भिजवाया दिया गया।
