आगरा। हिस्ट्रीशीटर मनीष पुजारी से पूछताछ व वेरिफिकेशन के लिए उसके घर जाना पुलिस की जान पर बन आई। हिस्ट्रीशीटर मनीष पुजारी व उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया और जमकर पथराव किया। इस हादसे में एक दरोगा व दो पुलिस कर्मी बुरी तरह से घायल हो गए। घायल पुलिस कर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है तो वहीं हिस्ट्रीशीटर समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मई बुजुर्ग की है। मंगलवार की सुबह ग्राम मई बुजुर्ग निवासी हिस्ट्रीशीटर मनीष पुजारी पुत्र दौलतराम से पूछताछ (निगरानी) के लिए पुलिस टीम गांव गई थी। जहां मनीष पुजारी को पकड़ने पर उसके परिवार के लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर उसे छुड़ा लिया। इस पथराव में उपनिरीक्षक सुनील कुमार तोमर, रोहित आर्या और सिपाही वेदवीर चोटिल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराया गया।
एसपी देहात रवि कुमार ने बताया कि मनीष पुजारी फतेहपुर सीकरी थाना का हिस्ट्रीशीटर है। काफी दिनों से मनीष पुजारी थाने में उपस्थित नहीं हुआ इसलिये पूछताछ के लिए पुलिस टीम उसके गांव गई थी। जहां पुलिस पर हमला कर दिया गया। उक्त मामले में पुलिस ने मनीष पुजारी, उसके भाई, भतीजे, मां समेत नौ लोगों को नामजद किया है।
