आगरा। महज 24 घंटे के अंदर थाना ताजगंज पुलिस ने देवकीनंदन हत्याकांड से पर्दा उठा दिया है। बताते चलें कि सोमवार को ताजगंज थाना क्षेत्र के बुढ़ाना इलाके में देवकीनंदन युवक की लाश मिली थी। देवकीनंदन के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने धारा 302 हत्या का अभियोग भी पंजीकृत किया था। हत्याकांड के खुलासे में लगी थाना ताजगंज पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी भोला उर्फ मूला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूलचंद्र से पुलिस ने आला कत्ल भी बरामद किया है।
पुलिस ने हत्यारोपी मूला से पूछताछ की है। उसमें कई जानकारियां आयी हैं। पूछताछ में सामने आया है कि मृतक देवकीनंदन हत्यारोपी मूला की चचेरी बहन से एक तरफा प्यार किया करता था और मौका पाकर उसके साथ छेड़खानी जैसी घटना को भी अंजाम दिया करता था। जिस दिन मूला ने देवकीनंदन को मौत के घाट उतारा, उस दिन भी मौका पाकर देवकीनंदन ने उसकी बहन के साथ में छेड़खानी की। जिसके बाद मूला के दिल में भारी आक्रोश था।
हत्यारोपी मूला को गिरफ्तार कर पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। ताजगंज पुलिस को 24 घंटे के अंदर मिली सफलता के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा थाना ताजगंज पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र भी दिया जा रहा है।
