आगरा। रामलीला मैदान में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय त्यौहार की परंपरा को कांग्रेसियों ने बरकरार रखा है। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर शहर कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष के नेतृत्व में रामलीला मैदान पर ध्वजारोहण किया गया। इस ध्वजारोहण में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं व आम जनमानस ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
कांग्रेस सेवा दल की ओर से गणतंत्र दिवस की सभी परंपराओं का निर्वहन करते हुए शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू को ध्वजारोहण स्थल तक पैदल मार्च करते हुए ले जाया गया और उसके बाद फिर शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान गाया। उसके बाद सभी ने देश में आपसी भाईचारा बढ़ाने, देश की एकता अखंडता और भाईचारे को खत्म करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।
ध्वजारोहण के बाद देवेंद्र सिंह चिल्लू ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की आजादी में कांग्रेस का अहम योगदान है लेकिन कुछ ताकतें इस योगदान को बुलाकर कांग्रेस जो आम व्यक्ति की एक सोच बन चुकी है, उसे खत्म करने का प्रयास कर रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी ताकतों का खुलकर मुकाबला किया जाएगा।
उनका कहना था कि यह वह स्थान है जहां आजादी के बाद आगरा में सबसे पहले ध्वजारोहण किया गया था। आज इस स्थान पर ध्वजारोहण करके वह अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
मौके पर मौजूद वरिष्ठ कांग्रेसियों ने अभी अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के जश्न को हर वर्ग हर समाज के लोग इस रामलीला मैदान पर हर्षोल्लास के साथ मनाते थे लेकिन कुछ राजनीतिक दलों ने अपने फायदे के लिए इस राष्ट्रीय त्यौहार को राजनीति का शिकार बना दिया। इसलिए अब यहां होने वाले राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में सिर्फ कांग्रेस के कार्यकर्ता ही नजर आते हैं जबकि यही से शहर व देश में भाईचारा सद्भाव का संदेश दिया जाता था।
