Home » ‘मैं भी ट्रंप हूं, मेरी भी सुनो’ नारे के साथ किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस

‘मैं भी ट्रंप हूं, मेरी भी सुनो’ नारे के साथ किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस

by admin

आगरा। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक बार फिर कांग्रेस की जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित के नेतृत्व में काकुआं गांव में पुलिस चौकी के पास केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध को कांग्रेस पार्टी की ओर से ‘मैं भी ट्रंप हूं मेरी भी सुनो’ नाम दिया था। इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में किसानों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और हाथों में बैनर लेकर सड़कों पर उतर आए।

किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों के सड़कों पर उतर आने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और कांग्रेस जिला अध्यक्ष को हिरासत में लेकर काकुआं पुलिस चौकी ले आई।

पुलिस द्वारा उनको हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने अपनी तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की और मोदी सरकार पर हमला बोला। उनका कहना था कि उनकी सरकार में गरीब किसान आत्महत्या कर रहा है, उनकी किसी तरह से सुनवाई नहीं हो रही है और उन्हें कोई भी आर्थिक मदद नहीं की जा रही लेकिन दूसरी ओर मोदी सरकार ने अमेरिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ताज विजिट में लगभग 120 करोड रुपए खर्च कर दिया है। जिससे साफ है कि मोदी सरकार किसानों के साथ भेदभाव करने में लगी हुई है।

इस प्रदर्शन के दौरान कुछ किसानों ने भी मोदी सरकार पर हमला बोला, उनका कहना था कि सरकार के पास किसानों को देने के लिए कुछ नहीं है लेकिन ट्रंप के स्वागत सत्कार में खर्च करने के लिए करोड़ों रुपया है। आवारा पशुओं की समस्या के साथ-साथ सरकार की बेरुखी के कारण अन्नदाता आत्महत्या करने को मजबूर है लेकिन सरकार को इससे कोई सरोकार नहीं है। आज ‘मै भी ट्रंप हूं मेरी भी सुनो’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकार को जगाने का प्रयास किया गया है।

Related Articles