आगरा। आगरा कॉलेज मैदान पर शनिवार को शुरू हुए कुश्ती के राष्ट्रीय महादंगल का शुभारंभ भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष व सांसद ब्रजभूषण सरन, एससी आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रामशंकर कठेरिया और आगरा सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बजरंगबली के समक्ष दीप प्रवज्जलित कर किया। नेशनल कुश्ती चैम्पियनशिप में 57, 86 और 97 वजन की कुल 86 कुश्ती लड़ी गयी।
पहले दिन आगरा कालेज की मिट्टी पर स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक के लिए 71 पहलवानों ने अपनी पहलवानी का दमखम दिखाया जिसमे चंडीगढ़ के सुमित 57 किग्रा, दिल्ली के भूमित 86 किग्रा एवं बागपत के कपिल चौधरी 97 किग्रा के स्वर्ण पदक के विजेता बने।

राष्ट्रीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण सरन ने बताया कि मिट्टी को परंपरागत कुश्ती की मान्यता मिली है इसे एशिया में ले जाने के लिए प्रयास हो रहा है। मेट और मिट्टी की कुश्ती में अंतर बस इतना है कि मेट पर तीन-तीन मिनट के दो राउंड होते है और 30 सैकिंड का रेस्ट होता है वहीं मिट्टी की कुश्ती में पांच-पांच मिनट के दो राउंड होते है और रेस्ट एक मिनट का होता है। ओलंपिक में इस बार हमें चार मैडल मिलने की उम्मीद है।
एससी आयोग के अध्यक्ष प्रो रामशंकर कठेरिया ने कहा कि इस आयोजन में भारत के कोने-कोने से राष्ट्रीय पहलवान यहां कुश्ती लड़ने आये हैं। ये पल आगरा के लिए ऐतिहासिक और सुनहरा है। इसे आगे बढ़ने के लिए शहर के लोगों को सहयोग करना चाहिए। सांसद आगरा प्रो एसपी सिंह बघेल ने कहा कि रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने जो मंच पहलवानो को दिया है इससे युवाओं का ध्यान क्रिकेट से कुश्ती की ओर आकर्षित हो रहा है। कुश्ती ने पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। ये हमारा परंपरागत खेल है।
आयोजन समिति के संरक्षक जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आगरा में पिछले वर्ष हुए भारत केसरी का आयोजन आज राष्ट्रीय आयोजन में तब्दील हुआ और शहर में ऐसे आयोजन होते रहेंगे।
कुश्ती की कमेंट्री रिनेश मित्तल और नरेंद्र शर्मा ने की। कुश्ती का कुशल निर्देशन फेडरेशन के अध्यक्ष ब्रजभूषन सरन, वीएन प्रसुद और अशोक भानवाला के निर्देशन में हुआ।
पहले दिन (शनिवार) ये रहे परिणाम
संयुक्त सचिव एमडी खान ने बताया कि 57 किग्रा वजन में सुमित (हरियाणा) ने स्वर्ण पदक, कुलदीप (हरियाणा) ने रजत पदक, रोहन यादव(यूपी) व मनीष(रेलवे) ने कस्य पदक जीता। 86 किग्रा वजन में भूमित(दिल्ली) ने स्वर्ण पदक, बजरंग (आर्मी) ने रजत पदक, विजेंद्र सिंह(छत्तीसगढ़) व अजय तौमर(यूपी) ने कस्य पदक जीता। 97 किग्रा वजन में कपिल चौधरी(यूपी) ने स्वर्ण पदक, सोमबीर(आर्मी) ने रजत पदक, भूपेंद्र कुमार(यूपी) व नरेश कुमार(रेलवे) ने कस्य पदक जीता। रविवार को 65, 74 व 125 किग्रा वजन की कुश्ती होंगी।
इस मौके पर राज्यमंत्री डॉ० जीएस धर्मेश, भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, दिल्ली कुश्ती संघ के अध्यक्ष जय प्रकाश पहलवान, कमल चौधरी, नंदकिशोर मकरानी, हाजी मो० सलीम खान, पूरन डावर, आयोजन समिति के अध्यक्ष केशव अग्रवाल, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजकुमार चाहर, कोषाध्यक्ष गौरव बंसल, संयुक्त सचिव एमडी खान, प्रतिमा भार्गव, बबिता चौहान, मीडिया प्रभारी विमल कुमार, अंतराष्ट्रीय कोच नेत्रपाल सिंह, इदेश गोयल, परुषोतम पहलवान, बने सिंह पहलवान, अजो पहलवान, भइये पहलवान, रामनिवास पहलवान, अलका भार्गव आदि मौजूद रहे।
