Home » केंद्रीय मंत्री के काफिले पर हुए हमले में दो नामजद सहित 20-25 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा

केंद्रीय मंत्री के काफिले पर हुए हमले में दो नामजद सहित 20-25 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा

by admin
Case against 20-25 unidentified SP workers including two nominated in the attack on Union Minister's convoy

मैनपुरी। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल ने मैनपुरी के थाना करहल में अपने ऊपर हुए हमले में 2 नामजद सहित 20 से 25 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट में दो नामजद सहित 20-25 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध जानलेवा हमले, पथराव, फायरिंग का जिक्र किया गया है। इस पूरे मामले में प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा है कि मैं जान बचा कर आया हूं। सपाई खेतों में घात लगाकर बैठे थे, जिन्होंने अचानक हमला बोला।

करहल विधानसभा में प्रचार के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के काफिले पर मंगलवार को हमला हुआ था। प्रो. एसपी सिंह बघेल ने दर्ज कराई एफआईआर में आरोप लगाया कि मंगलवार शाम गांव कबरई से करहल जा रहे थे। कबरई और अतीकुल्लापुर के मध्य शाम 7:45 बजे खेतों में छुपे हुए सपा कार्यकर्ता, जोकि अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे, ने हमला कर दिया। एक ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि हमें उमाकांत यादव नगला बढ़ा कहते हैं। अपने बीटू नामक साथी को भी आवाज लगाई। इसके बाद मेरी और साथी संजय शर्मा की गाड़ियों को तोड़ दिया। जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई।

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मैं यहां मुद्दा बनाने नहीं आया हूं। आज जान बचाकर आया हूं। सपाई खेतों में घात लगाकर बैठे थे, जिन्होंने अचानक हमला बोला। यह विरोधियों की बौखलाहट है। मैं दबने और झुकने वाला नहीं हूं। फिर इन्हीं गांवों में आऊंगा। पहला व्यक्ति हूं कि चौथी बार इस परिवार के खिलाफ लड़ रहा हूं।

Related Articles