Agra. मंगलवार को आगरा आई भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास रथ यात्रा बुधवार सुबह आशीष पैलेस से शुरू हुई। जन विश्वास यात्रा छावनी विधानसभा के प्रतापपुरा चौराहे से प्रारंभ होकर ईदगाह खेरिया मोड़, नरीपुरा, धनौली, मलपुरा, अकोला होती हुई खेरागढ़ विधानसभा की ओर प्रस्थान कर गयी। भाजपा की जन विश्वास यात्रा के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी। जगह-जगह स्वागत द्वार और बैनर पोस्टरों से पूरे आगरा को पाट दिया गया। जगह-जगह मंच लगाकर के कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का जोशीला स्वागत किया।

खेरिया मोड़ चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंच लगाकर इस यात्रा का स्वागत किया। इस यात्रा में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण मौजूद रहे। उनके सांसद राजकुमार चाहर और जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। छावनी विधायक राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा का स्वागत किया।

जैसे ही जन विश्वास यात्रा ने आगरा ग्रामीण विधानसभा में प्रवेश किया। विधायक हेमलता दिवाकर कुशवाहा, सांसद राजकुमार चाहर, जिला अध्यक्ष गिरिराज सिंह कुशवाहा ने स्वागत किया। इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ जी एस धर्मेश ने कहा कि जिस प्रकार से केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार ने सबका साथ सबका विकास के आधार पर प्रदेश का विकास किया है, उससे लोगों का विश्वास भाजपा पर बना हुआ है। आने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव में वह अपना वोट देकर के एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। इस जन विश्वास यात्रा के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में जनता नई इबादत लिखने को तैयार है। यह इबादत विपक्षियों के मंसूबों को पस्त कर देंगी।
