आगरा। दक्षिण विधानसभा सीट से बसपा के प्रत्याशी रवि भारद्वाज लगातार क्षेत्र में दौरा कर जनसंपर्क कर रहे हैं। इस दौरान न केवल वह क्षेत्र की समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं बल्कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए छोटी-छोटी जनसभा कर संवाद स्थापित कर रहे हैं और बसपा पार्टी की नीति से रूबरू करा रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान प्रत्याशी रवि भारद्वाज का दावा है कि उन्हें सर्व समाज खूब समर्थन मिल रहा है।
बताते चलें कि बीते गुरुवार को प्रत्याशी रवि भारद्वाज ने थाना जगदीशपुरा के गढ़ी बदरिया में जनसंपर्क किया। जहां आनंद नगर क्षेत्र में उन्होंने ब्राह्मण समाज के साथ एक बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान ब्राह्मण समाज के लोगों ने जहां सत्तारूढ़ पार्टी पर उपेक्षा करने का आरोप लगाया तो वहीं क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य न होने की बात कही।
प्रत्याशी रवि भारद्वाज ने बताया कि बैठक के दौरान लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं को उनके समक्ष रखा है। बताया गया कि पिछले 5 सालों में किसी भी भाजपा जनप्रतिनिधि ने इधर का रूख नहीं किया और न ही लोगों की शिकायतों को सुनने का उन्हें समय मिला। प्रत्याशी रवि ने कहा कि विकास की दृष्टि से पूरा गढ़ी भदौरिया क्षेत्र अभी पिछड़ा हुआ है। यदि वह विधानसभा चुनाव जीतते हैं तो इस क्षेत्र में विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
प्रत्याशी रवि भारद्वाज ने बताया कि जनसंपर्क के दौरान उन्हें सर्व समाज के लोगों का समर्थन मिल रहा है लोग आगे बढ़ कर उन्हें हाथों-हाथ ले रहे हैं। भाजपा चाहे विकास कार्य कराने के कितने भी दावे करे लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। इस बार विधानसभा चुनाव में बाजी पलटेगी और बसपा पार्टी जीतेगी।
