मथुरा। ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शुक्रवार को मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान से 10 वर्ग किमी दायरे को पवित्र तीर्थस्थल घोषित करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ब्रज 84 कोस के आधुनिक विकास के साथ उसके पुरातन स्वरूप को लौटाने का संकल्प पूरा हो रहा है। आने वाले समय में बृज क्षेत्र दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक पर्यटन केंद्र बनेगा। इससे बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
बरसाना, नंदगांव, गोकुल, वृन्दावन, गोवर्धन, राधाकुंड, बलदेव के बाद अब मथुरा भी पवित्र तीर्थस्थल घोषित हो गया है। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली व लीलास्थली के संपूर्ण विकास के लिए तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। भाजपा सरकार के बनते ही बृज तीर्थ विकास परिषद के गठन के साथ ही बृज क्षेत्र के पुरातन स्वरूप को लौटाने की योजनाओं पर काम शुरू हो गया था। प्रदेश सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली व लीलास्थली के विकास व श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए 4600 करोड़ रुपये दिए हैं। नगर निगम के गठन से शहर में स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि अब तक का भव्यतम कुम्भ आयोजन भी इस वर्ष 38 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। अब 190 एकड़ कुम्भ क्षेत्र को संरक्षित किया जा रहा है। श्री ठाकुर बांके बिहारी जी मंदिर के नजदीक 38 करोड़ की लागत से कुंज गलियों का विकास व सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के नजदीक 23.5 करोड़ रुपये से मार्गों के विकास, भव्य द्वार निर्माण व सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि ब्रज 84 कोस की कृष्णयुगीन हरीतिमा लौटाने के लिए यमुना के किनारे, प्रमुख मंदिरों को जोड़ने वाले मार्गों, गिरिराज जी की तलहटी व जनपद को आने वाले प्रमुख मार्गों के किनारे 31 लाख फलदार व छायादार पौधे लगाए जा रहे हैं। इनमें कदम्ब, मोरछली, पीपल, बरगद, आम, नीम व अन्य पेड़ शामिल हैं।
वहीं जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि शासन द्वारा जनपद भगवान श्री कृष्ण की जन्मस्थली के 10 किमी को तीर्थ स्थल घोषित किया गया है। नगर निगम मथुरा वृन्दावन के निम्नलिखित 22 वार्डों के अधिसूचित क्षेत्र को एतद द्वारा पवित्र तीर्थ स्थल घोषित किया जाता है –
1- घाटी बहालराय
2- गोविन्द नगर
3- मंडी रामदास
4- चौबियापाडा
5- द्वारिकापुरी
6- नवनीत नगर
7- वनखण्डी
8- भरतपुर मेट
9- अर्जुनपुरा
10- हनुमान टीला
11- जगन्नाथपुरी
12- गउघाट
13- मनोहरपुरा
14- बैरागपुरा
15- राधानगर
16- बदरीनगर
17- महाविद्याकालोनी
18- कृष्णानगर प्रथम
19- कृष्णानगर द्वितीय
20- कोयला गली
21- दम्पियर नगर
22- जय सिंह पुरा आदि को तीर्थ स्थल घोषित किये गया है।
