भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा गुरुवार से उत्तर प्रदेश में दो दिन के दौरे पर रहेंगे। बता दें जे पी नड्डा चुनावी वर्ष को देखते हुए मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक का आयोजन करेंगे। इस दौरान पंचायत चुनाव और मिशन 2022 के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। गुरुवार को होने वाली बैठक में जेपी नड्डा सांसदों और विधायकों के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भागीदारी भी बनेंगे।
मिली जानकारी के हिसाब से जेपी नड्डा गुरुवार को दोपहर 1:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगें। जहां एयरपोर्ट के बाहर पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। स्वागत समारोह में राष्ट्रीय प्रवक्ता और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया भी मौजूद रहेंगे। जेपी नड्डा शाम 4:00 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय लखनऊ में प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ वार्ता करेंगे। रात 9:00 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में ही पार्टी की कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी।
वहीं अगर 22 जनवरी की बात की जाए तो शुक्रवार को सुबह 9:45 पर चिनहट ग्रामीण लखनऊ की मंडल बैठक होगी।उसके बाद सुबह 11:00 बजे नड्डा सीएमएस गोमती नगर विस्तार लखनऊ महानगर और जिला के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधन का कार्य करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में अवध और कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे।इसके साथ ही 22 जनवरी को ही नड्डा दोपहर 3:00 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय लखनऊ में अवध क्षेत्र के भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। शाम 4:00 बजे उनका सोशल मीडिया वालंटियर्स को संबोधन होगा। 22 जनवरी के शाम 5:30 बजे वे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नड्डा ने राज्यों में दौरा करने का कार्यक्रम तय कर दिया था।जिसके चलते उन्हें 26 और 27 दिसंबर 2020 को लखनऊ आना था।लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के चलते वे नहीं आ पाए और कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। फिलहाल अभी उनके आगमन को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और अन्य भाजपा कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। जिसके चलते बुधवार को उनके आगमन की तैयारियों का जायजा लिया गया।
