Agra. दयालबाग स्थित वीर नगर में अज्ञात चोरों ने निजी कंपनी के इंजीनियर के घर पर अपने हाथों का कमाल दिखा दिया। अज्ञात चोरों ने सूने घर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। घर के दरवाजे खुले होने पर पड़ौसी को शक हुआ तो पुलिस और घर मालिक को फोन करके सूचना दी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
वैष्णो देवी दर्शन के लिए गया था परिवार
वीर नगर निवासी इंजीनियर दीपक सिंघल के पिता सुनील कुमार सिंघल एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी से सेवानिवृत्त हुए हैं। दीपक जमशेदपुर में टाटा कंपनी में इंजीनियर है। उनके बेटे दीपक की 20 नवंबर को शादी थी। 22 नवंबर को रिसेप्शन था। शादी के बाद 25 नवंबर को परिवार वैष्णो देवी दर्शन के लिए गया।
शक होने पर पड़ौसी ने दी सूचना
बताया जाता है कि रविवार सुबह ड्राइंग रूम खुला देख पड़ोसी ने फोन करके ड्राइंग रूम का गेट खुला होने की जानकारी दी। इस पर वो आगरा के लिए चल दिए। शाम को घर आने पर पता चला कि चोरों ने जंगले की सरिया तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पूरा घर खंगाल डाला। कमरों में रखी पांच अलमारियों के ताले तोड़ दिए। चोर 15 लाख के जेवरात, दस लाख रुपये नगद, गुल्लक से भी रुपये चोरी करके ले गए।
शादी में मिले लिफाफे-नेग भी चोरी
पीड़ित सुनील ने बताया कि चोर गहनों और नकदी के अलावा शादी में मिले रिश्तेदारों के लिफाफे और नेग भी ले गए हैं। सोने चांदी के आभूषण लगभग 15 लाख रुपये के थे और 10 लाख करीब नगदी थी। कुल मिलाकर लगभग 25 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए है चोर।
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
घटना की जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस कॉलोनी में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। सीसीटीवी में तीन चोर नजर आए हैं। इनमें दो घर से निकल रहे हैं और एक घूमकर रेकी करता हुआ नजर आ रहा है। एसपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।
