आगरा। आगरा शहर स्मार्ट सिटी बनने की ओर कदम बढ़ा चुका है। केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई स्मार्ट सिटी की रैंकिंग में आगरा को सूबे में दूसरा और देश में 24 वां स्थान मिला है। इससे पहले आगरा 269वें स्थान पर था लेकिन ताजा रैंकिंग के आधार पर आगरा शहर ने लंबी छलांग लगाईं है। अगले पांच वर्षो में एक हजार करोड़ के बजट से आगरा स्मार्ट सिटी बनेगा।
पूरे देश में लगभग 4043 शहरों की मॉनिटरिंग की गयी जिसमे स्मार्ट सिटी बनने जा रहे 100 शहरों को शामिल किया गया। ताज़ा स्मार्ट सिटी रैंकिंग की सूची में आगरा बनारस के बाद दूसरे स्थान पर आया है। सूची में आगरा का स्कोर 53.91 है। देश के 100 और प्रदेश के सात शहरों को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल किया गया है। जिनमें सूबे के कानपुर, इलाहाबाद, वाराणासी, अलीगढ़, लखनऊ, आगरा व अन्य शहर हैं।
मंगलवार सुबह केंद्र सरकार द्वारा जैसे ही स्मार्ट सिटी की रैंकिंग की सूची जारी की गई शहर के शासन प्रशासन में हलचल मच गई। नगर निगम की ओर से शहर की कायापलट की तैयारी पहले ही शुरू हो चुकी है। अब नगर निगम स्मार्ट सिटी बनाने को लेकर तैयारियां युद्धस्तर से करने की योजना बना रहा है। मेयर नवीन जैन ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई सूची में आगरा को देश में 24 वां और प्रदेश में वाराणासी के बाद दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह हमारे लिए गर्व की बात है।
