आगरा। बमरौली कटारा स्थित कास्टिंग यार्ड में आगरा मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर में ऐलिवेटिड स्टेशनों के कॉन्कोर्स निर्माण के लिए पहला डबल टी गर्डर बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही अब तक 4 पीयरकैप भी बनकर तैयार हो गए हैं। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने पहले डबल टी गर्डर की कास्टिंग पर आगरा मेट्रो की टीम को बधाई दी है।
यूपीएमआरसी के एमडी कुमार केशव ने कहा कि प्रीकास्ट डबल टी गर्डर से आगरा मेट्रो के प्रयोरिटी कॉरिडोर में तीनों ऐलिवेटिड स्टेशन ताज ईस्ट गेट, बसई एवं फतेहाबाद रोड के निर्माण में सही गुणवत्ता के साथ गति आएगी। इसके साथ ही आगरा मेट्रो की टीम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यूपीएमआरसी आगरा की जनता को निर्धारित समय में विश्वस्तरीय मेट्रो सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, कानपुर मेट्रो के बाद आगरा मेट्रो में भी कॉन्कोर्स लेवल के निर्माण लिए ‘डलब टी’ गर्डर का प्रयोग करेगा। बमरौली कटारा स्थित कास्टिंग यार्ड में पहला डबल टी गर्डर बनकर तैयार हो गया है। यह गर्डर अग्रेजी भाषा के अक्षर ‘टी’ के जोड जैसा दिखता है, इसलिए इसको डबल टी गर्डर कहा जाता है। आगरा मेट्रो में प्रयोग होने वाले डबल टी गर्डर की चौड़ाई 3.7 मीटर व लंबाई 11 मीटर होगी। इसके साथ ही इस गर्डर का वजन लगभग 33 टन होगा।
गौरतलब है कि पहले ऐलिवेटिड स्टेशनों के निर्माण में साइट पर ही शटरिंग लगाकर कॉन्क्रीट से कॉन्कोर्स का निर्माण किया जाता था, जिसमें समय व लागत दोनों अधिक लगती थी और निर्माण स्थल के आस-पास यातायात प्रबंधन भी एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन डबल टी गर्डर के प्रयोग से ऐसी कोई परेशानी नहीं होती। डबल टी गर्डर को कास्टिंग यार्ड में तैयार करके सीधे साइट रख दिया जाता है जिससे समय व बचत के साथ ही राहगीरों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
मेट्रो रेल सिस्टम में ऐलिवेटिड एवं भूमिगत स्टेशनों को तीन लेवल (ग्राउंड, कॉन्कोर्स एवं प्लेटफॉर्म लेवल) में विभाजित किया जाता है। आगरा मेट्रो के प्रयोरिटी कॉरिडोर में पहले स्टेशन ताज ईस्ट गेट के निर्माण की शुरूआत हो गई। ताज ईस्ट गेट स्टेशन के बी ग्रिड में हॉरिजोंटल बीम का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य दो ग्रिड ‘ए’ और ‘सी’ में पाइल कैप व पीयर का निर्माण किया जा रहा है।
