मुंबई के लाल बाग इलाके में एक 60 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इमारत में आग लगने के दौरान एक युवक फंस गया। उसने अपनी जान बचाने के लिए इमारत की 19वीं मंजिल से छलांग लगा दी। फिलहाल इमारत के अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। मौके पर पहुंचे दमकल विभाग आग बुझाने का भरकस प्रयास कर रहा है। वहीं अभी तक इमारत में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जानकारी के मुताबिक दक्षिण मुंबई के लाल बाग इलाके में अविघ्न पार्क नाम की 60 मंजिला इमारत में आग लगी है। इमारत की 19वीं मंजिल पर भीषण आग लगी है। इस आग से बचने के लिए एक युवक जो कि सिक्योरिटी गार्ड बताया जा रहा है, बालकनी की तरफ भागा। वह जान बचाने के लिए लटक गया और कुछ सेकंड बाद वह 19वीं मंजिल से कूद गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फिलहाल इमारत में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। आसपास से लोगों के चीखने चिल्लाने की आवाज आ रही है। जानकारी के मुताबिक दोपहर लगभग 12 बजे दमकल विभाग को इमारत में आग लगने की सूचना आई थी। दमकल विभाग के मुताबिक यह आग काफी भयंकर है जिसे लेवल थ्री फायर कॉल कहा जाता है।
