आगरा (24 May 2022 Agra News)। आगरा में छोटी बहन से विवाद के बाद किशोरी ने तालाब में लगाई छलांग। पुलिस फोर्स मौके पर। पीएसी के गोताखोर बुलाए। तलाश जारी।
तालाब के पास मिले चप्प्लें और दुपट्टा
आराधना पुत्री कंचनलाल उम्र 17 वर्ष निवासी डिफेंस कॉलोनी, थाना बाह मंगलवार सुबह अचानक लापता हो गई। परिवारवाले उसका काफी देर तक इंतजार करते रहे। मगर उसका कोई पता नहीं चला। वे उसे तलाशते—तलाशते मोहल्ला के पुराने पक्की तलैया तालाब के पास पहुंचे। वहां किशोरी की चप्पलें और दुपट्टा मिला। ये देख उन्होंने शोर मचा दिया। किशोरी के तालाब में कूदकर आत्महत्या करने की आशंका जताई।
परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने अग्निशमन विभाग और पीएसी गोताखोरों को मौके पर बुलाया। 30 फुट गहरे तालाब के दलदल और गंदगी के बीच किशोरी को खोजने के लिए कांटा डालकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। मगर तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली।
मामला संदिग्ध होने पर थाना बाह पुलिस ने सर्च अभियान के बीच दूसरी तरह से भी मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर के माध्यम से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक मामला कुछ और भी हो सकता है। गुमराह करने के लिए चप्पलें और दुपट्टा तालाब के पास छोड़ा हो, फिर भी सर्च अभियान जारी है।
छोटी बहन से हो गया था विवाद तो परिजनों ने डांटा
परिजनों के मुताबिक, घर में छोटी बहन से किशोरी का विवाद हो गया था और मारपीट हुई थी। जिस पर परिजनों ने किशोरी को डांट दिया था। किशोरी दो दिन से तालाब में कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दे रही थी। आज सुबह से वह लापता है। वह 11वीं की छात्रा है।
