आगरा। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आगरा में कई प्रत्याशियों की उम्मीदों पर पानी फिर चुका है। नामांकन पत्रों में त्रुटियां पाए जाने पर 19 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए हैं। सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद पीस पार्टी, आदर्श समाज पार्टी, आजाद समाज पार्टी, सबका दल युनाइटेड, बहुजन मुक्ति पार्टी व आठ निर्दलियों समेत 19 पर्चे निरस्त हुए हैं। सबसे ज्यादा पांच नामांकन फतेहाबाद के निरस्त हुए हैं।
आगरा जिले की नौ सीटों के लिए 14 से 21 जनवरी तक 133 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे थे। जिनमें से 19 प्रत्याशियों के नामांकन सोमवार को निरस्त हो गए। अब नौ सीटों पर 114 प्रत्याशी बचे हैं। 27 जनवरी को प्रत्याशियों के पास नाम वापसी का मौका होगा। अगर किसी ने नाम वापस नहीं लिया तो 10 फरवरी को नौ सीटों पर 114 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। वहीं कई विधानसभा के प्रत्याशियों को नामांकन पत्र के निरस्त होने से चुनाव में फायदा मिल सकता है। निरस्त किए गए नामांकन पत्रों के बाद कई विधानसभाओं के जातीय समीकरण बदल गए हैं।
सोमवार सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकनपत्रों की जांच की गई। जिनमें अपूर्ण व त्रुटिपूर्ण नामांकन खारिज हुए हैं। फतेहाबाद सीट के पांच, फतेहपुर सीकरी के तीन, एत्मादपुर के दो, बाह के एक, खेरागढ़ के दो, दक्षिण के एक, उत्तर के दो, ग्रामीण के दो व छावनी के एक उम्मीदवार का नामांकन निरस्त हुआ है। एत्मादपुर विधानसभा से बसपा से प्रत्याशी राकेश बघेल को जातीय समीकरण का फायदा मिल सकता है, क्योंकि उनके सामने आजाद समाज पार्टी से सर्वेश बघेल ने नामांकन किया था, जिसे खारिज कर दिया गया है।
इनके पर्चे हुए निरस्त
छावनी : लक्ष्मी नारायण
दक्षिण : प्रेम सिंह (बहुजन मुक्ति पार्टी)
उत्तर : विवेक कुमार जैन (भारतीय शक्ति चेतना पार्टी), नसीम (निर्दलीय)
ग्रामीण : हसनूराम अंबेडकरी (निर्दलीय), नरेंद्र स्वतंत्र (जनता राज पार्टी)
फतेहपुरसीकरी : नारायन सिंह (पीस पार्टी), शेखर कुमार (इंडियन विकास पार्टी), ऊदल सिंह (निर्दलीय)
खेरागढ़ : सुमन देवी (निर्दलीय), शंकर (निर्दलीय)
फतेहाबाद : चंद्रपाल सिंह (आप), राधेश्याम कुशवाह (संयुक्त समाजवादी दल), अचल सिंह (निर्दलीय), देवकी नंदन (निर्दलीय) व पंकज (निर्दलीय)
बाह : अतर सिंह नरवारिया (सबका दल युनाइटेड)
अगर आप हमारे न्यूज़ ब्रेकिंग के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ना चाहते हैं तो इस लिंक पर क्लिक करके हमें सपोर्ट करें, धन्यवाद…
https://chat.whatsapp.com/LaErqf25r0FDcVNYJTZMo9
