Agra. शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के बाद से ही आगरा की फतेहपुर सीकरी सीट पर विवाद शुरु हो गया था। इस सीट पर भाजपा ने पूर्व सांसद चौधरी बाबूलाल को प्रत्याशी घोषित किया था तो वहीं फ़तेहपुर सीकरी से ताल ठोक रहे पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र फ़ौजदार ने विरोध शुरू कर दिया था। उनके समर्थकों ने भी नाराजगी जाहिर की थी जिससे भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल चौधरी की राह कठीन हो रही है। इसको लेकर रविवार को भाजपा प्रत्याशी चौधरी बाबूलाल जितेंद्र फौजदार से मिलने उनके आवास पर पहुँचे और उनसे अपने लिए समर्थन मांगा।
तड़के सुबह पहुँचे घर
चौधरी बाबूलाल का टिकट फाइनल होते ही जितेंद्र फौजदार समर्थकों ने एक बैठक का आयोजन किया। बैठ़क में यह निर्णय लिया कि भाजपा नेता जितेंद्र फौजदार दो दिन फतेहपुर सीकरी विधानसभा के गांवों का दौरा करेंगे। इसके बाद ही जनता के अनुसार नया फैसला लेंगे। जितेंद्र फौजदार ने कहा है कि ‘वह भाजपा के 40 साल पुराने नेता है। वह पार्टी से बगावत नहीं करेंगे लेकिन जनता का फैसला सर्वोपरि होगा, क्योंकि पंच परमेश्वर है।’ जितेंद्र फौजदार के तीखे तेवर कहीं अड़चन न बन जाये इसलिए भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल चौधरी फ़तेहपुर सीकरी में दुल्हारा हाउस पर पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र फ़ौजदार से मिलने पहुँचे। भाजपा प्रत्याशी चौधरी बाबूलाल ने फौजदार से चुनाव में समर्थन मांगा। चौधरी बाबूलाल के अनुसार चुनाव में जितेंद्र फौजदार ने समर्थन देने की बात कही है।
रूठों को मनाने की कवायद शुरू
फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट पर भाजपा से स्थानीय स्तर पर अशोक राना, प्रशांत पौनिया, यशपाल सिंह राणा, हितेन्द्र इंदौलिया और जितेंद्र फौजदार दमखम लगाए हुए थे। प्रशांत पौनिया तो पिछले पांच साल से चुनाव की तैयारी कर रहे थे लेकिन बाजी चौ. बाबूलाल के हाथ लगी। अब प्रत्याशी घोषित हो जाने के बाद बाबूलाल चौधरी सभी रूठों को मनाने में लग गए हैं।
