आगरा। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन के निर्देश अनुसार आगरा जनपद में कर्मचारी कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव कराया गया। संजय पैलेस स्थित यूथ हॉस्टल में आयोजित इस चुनाव में 6 प्रत्याशियों ने अपनी अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। जिला अध्यक्ष के पद पर रघुवीर सिंह माहौर और राजू लोधी के बीच कांटे की टक्कर रही, वहीं जिला महामंत्री के पद पर अमर सिंह और अशोक कुमार के बीच घमासान रहा। जिला कोषाध्यक्ष पद पर अरविंद कुमार और पप्पू सिंह ने अपनी-अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। लगभग 747 कर्मचारियों ने अपने अपने प्रत्याशी के चयन के लिए मत का प्रयोग करते हुए जिला अध्यक्ष के पद पर राजू लोधी को विजय दिलाई।
सुबह 8 बजे से चले मतदान में राजू लोधी ने अपने प्रतिद्वंदी रघुवीर सिंह माहौर को 3 वोटों से हराकर विजय प्राप्त की। इस मतदान में 8 मतदाताओं के मत को निरस्त किया गया। जिला महामंत्री पद पर अमर सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी अशोक कुमार को 58 वोटों से मात दी तो वहीं जिला कोषाध्यक्ष के पद पर दावेदारी कर रहे अरविंद कुमार ने अपने प्रतिद्वंदी पप्पू सिंह को 20 वोटों से शिकस्त दी।
जिला अध्यक्ष पद पर दावेदारी कर रहे प्रत्याशी राजू लोधी को 365 मत प्राप्त हुए, जिला महामंत्री पद पर अमर सिंह को 389 मत प्राप्त हुए तो वहीं जिला कोषाध्यक्ष पद पर अरविंद कुमार को 370 वोटों से विजय हासिल हुई। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष राजू लोधी की घोषणा होते ही कर्मचारी संघ में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। कर्मचारियों ने अपने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष को बधाइयां दी तो वहीं यूथ हॉस्टल के बाहर कर्मचारियों ने ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत सत्कार किया।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष राजू लोधे ने अपने समस्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं और धन्यवाद अर्पित करते हुए कहा कि कर्मचारियों के साथ हो रहे उत्पीड़न और शोषण के प्रति हमेशा अग्र श्रेणी में रहूंगा। अपने साथी कर्मचारियों के आवाज को अधिकारियों तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी देते हुए उनकी समस्याओं का समाधान कराऊंगा
इस निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष पूर्ण कराने के लिए प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा आगरा जनपद में चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। जिसमें अलीगढ़ से चुनाव अधिकारी मुकेश मल्होत्रा और मथुरा से जगत चौधरी के नेतृत्व में चुनाव प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के चुनाव में विजय हासिल करने वाले जिला अध्यक्ष को सभी कर्मचारियों के साथ साथ आगरा वाल्मीकि महापंचायत द्वारा भी शुभकामनाएं दी गई। चौधरी मानसिंह ने कहा कि 27 अगस्त को हुए पंचायती राज ग्रामीण कर्मचारी संघ के चुनाव में जीत हासिल करने वाले जिला अध्यक्ष की कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम उनको प्राप्त हुआ।
