आगरा। खेत से चारा लेने गई महिला के साथ एक युवक ने बुरी नीयत से दबोचने की कोशिश की। आरोप है कि युवक खेत में पहले से ही घात लगाए बैठा था और चारा लेने आए महिला को अकेले पाकर उसने दबोचने का प्रयास किया। इस दौरान महिला के चीख-पुकार मचाने पर बचाने आए देवर के साथ भी आरोपी युवक ने मारपीट कर दी, हालांकि बाद में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना थाना डौकी क्षेत्र के गांव पूंठा झील की है। पीड़ित महिला के पति द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक रंजीत अपनी पत्नी और छोटे भाइयों को छोड़कर घर से बाहर किसी काम से गया हुआ था। उसकी पत्नी चारा लेने के लिए खेत की ओर बढ़ी तभी पहले से ही घात लगाए युवक राकेश पुत्र गोकुल सिंह ने महिला को अकेला पाकर उसे बुरी नीयत से दबोचने का प्रयास किया। तभी महिला ने शोर मचा दिया। शोर को सुनकर उसके देवर और ग्रामीण मौके पर इकट्ठे हो गए और उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने युवक को नंगा कर पूरे गांव में घुमाया और मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित महिला के पति द्वारा दर्ज कराई गई एफ आई आर के बाद पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
