फतेहाबाद। यमुना को बचाने तथा उसको प्रदूषण से मुक्त करने, जंगल-जल-जमीन को बचाने का संकल्प लेकर संतबंधन दास गिरी महाराज के नेतृत्व में बटेश्वर से चली यात्रा अपने 10वें पड़ाव पर सदर तहसील के ग्राम अकबरपुर में सोमवार को पहुंची, जहां यात्रा का स्थानीय ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और ऊंचाधाम में अपने प्रवास के पश्चात सोमवार सुबह संतों की यात्रा अकबरपुर के लिए रवाना हुई। अकबरपुर में जैसे ही यात्रा ने प्रवेश किया जगह-जगह ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे संत बंधन दास जी महाराज ने कहा यमुना की अविरल धारा को रोककर शहरों के प्रदूषित पानी को इसमें मिलाया जा रहा है जिससे जीवनदायिनी यमुना पूरी तरह प्रदूषित हो गई है। इसका जल अब आचमन के लायक भी नहीं बचा है। उन्होंने पतित पावनी यमुना को पुनः उसके पौराणिक स्वरूप में लाने का भी संकल्प लिया।
यात्रा में साथ चल रही साध्वी कुसुम शर्मा ने कहा कि सभी को यात्रा के दौरान इस बात का संकल्प दिलाया जा रहा है कि यमुना में कोई भी गंदगी प्रवाहित ना करें जिससे आगे आने वाली पीढ़ियां इस पवित्र नदी का दर्शन ही ना कर सके।
यात्रा में प्रमुख रूप से स्वामी बंदनदास गिरी, सियाराम दास, शिवदयाल, हरीशंकर, नारायण दास, बच्चू सिंह, तुलसी दास, दीपक शर्मा, नेत्रपाल, कीर्ति देवी, पूजा कुमारी, यशोदा देवी, दामिनी देवी, कृष्णा भगत, रामबीर, बाबू भारती, जगराम दास, सुल्तान सिंह, ठाकुर दास, त्रिवेन्द्र, प्रहलाद, नित्यानंद आदि उपस्थित रहे।
