आगरा। लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों पर बर्बरतापूर्ण हुए लाठीचार्ज के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ता योगी सरकार के खिलाफ सड़को पर उतर आये है। युवा कांग्रेस आगरा लोकसभा अध्यक्ष नदीम नूर के नेतृत्व में युवा कांग्रेसियों ने मंटोला तिराहे पर योगी सरकार की तानाशाही के विरोध में योगी सरकार का पुतला फूँका और जमकर नारेबाज़ी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए युवा कांग्रेस अध्यक्ष नदीम नूर ने कहा कि प्रदर्शन, आंदोलन, धरना विपक्ष का सांवैधानिक अधिकार है जिसे योगी की तानाशाही सरकार कुचलकर अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दे रही है। वहीं युवा नेता अदनान कुरेशी और अजय वाल्मीकि प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज की घोर निंदा व भर्त्सना की। उनका कहना था कि युवा कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज योगी सरकार की सुनियोजित चाल है जिसे युवा कांग्रेसी बर्दाश्त नहीं करेंगे और इस तानाशाही सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे।

राजपुर चुंगी चौराहे पर भी युवा कांग्रेसियों ने योगी सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। युवा नेता अनुज शिवहरे के नेतृवत में सभी ने योगी सरकार का पुतला फूंका और नाराजगी जताते हुए भाजपा सरकार की ईट से ईट बजाने की बात कही। अनुज शिवहरे ने बताया कि पूरे देश में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृवत में मोदी सरकार के खिलाफ भारत बचाओ जन आंदोलन चलाकर मोदी की जनविरोधी नीतियों की पोल खोली जा रही है। इसी आंदोलन के चलते लखनऊ में प्रदर्शन हुआ जिसमे योगी सरकार ने लाठीचार्ज कराया।
